पिछली कड़ी : डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया : प्रशासक से इतिहासकार तक
श्री अल्मोड़ा बुक डीपो से आर एस टोलिया की पुस्तक “ब्रिटिश कुमाऊं गढ़वाल – एन एडमिनिस्ट्रेशन हिस्ट्री ऑफ ए नॉन रेगुलेशन हिल प्रोविन्स” (दो खंड, 1994 व 1996) छपी. जिसमें मुख्यतः यह खोजबीन की गई कि पहाड़ का प्रशासन और उसकी संस्थाऐं कैसे बनी. डॉ टोलिया ने प्रशासनिक इतिहास के क्रम को ध्यान में रखा जिसकी मुख्य इकाईयां राज्य, प्रशासन, संस्था व क्षेत्र रहे. इतिहास की भूमिका संस्थाओं की उत्पत्ति समझने में रही. पहाड़ की भूमि पर बंदोबस्त व अन्य प्रशासन व्यवस्था लागू होती रहीं. इसका असर यहाँ के बाजार पर पड़ा व आर्थिक संपर्क अधिक हुए. पहाड़ पर विशिष्ट गैर विनियमित शासन लागू किया गया. यह समझा जा रहा था कि पहाड़ में अल्प विकास के पीछे यहाँ का भूगोल है. ऐसे में पहाड़ में परिवर्तन का माध्यम बेहतर संस्थाऐं तथा संवेदन शील प्रशासन की स्थापना से होगा.
डॉ टोलिया के ग्रन्थ कुमाऊं – गढ़वाल का उपशीर्षक, “एक गैर विनियमित पर्वतीय प्रान्त का प्रशासनिक इतिहास” था, अर्थात उन्होंने अपनी खोजबीन का आधार ब्रिटिश शासन में कुमाऊं-गढ़वाल की विशिष्ट प्रशासनिक व्यवस्था पर केंद्रित किया जिससे ट्रेल, गार्डनर, बैटन, लशिंगटन जैसे प्रशासकों को केवल व्यक्तियों के रूप में नहीं बल्कि औपनिवेशिक ढांचे के निर्माण कर्ताओं के रूप में देखा गया जिन्होंने पहाड़ को मैदानी विनियमन प्रणाली से भिन्न प्रशासनिक प्रणाली के द्वारा शासित किया. यह डॉ टोलिया के विवेचन की धुरी है जिसमें पहाड़ का भूगोल प्रशासनिक विलक्षणता से संस्थागत ढांचे के रूपांतरण व फिर सामाजिक आर्थिक बदलाव की कथा लिखता है जिसमें हक-हकूक, बंदोबस्त, वन प्रशासन, स्थानीय प्रथाऐं व कमिशनरी व्यवस्था जैसी संस्थाओं की उत्पत्ति के क्षेपक हैं.
दूसरी तरफ प्रोफेसर पूरन चंद्र जोशी का मुख्य प्रश्न यह था कि पहाड़ की सामाजिक-आर्थिक संरचना में अपूर्णताएं क्यों आयीं? क्यों उत्पादन सीमित रहा? भूमि का उपयोग बेहतर क्यों न हुआ? आखिर विकास के अवरुद्ध रहने के कारण क्या थे? प्रोफेसर जोशी व डॉ टोलिया के विश्लेषण एक दूसरे के पूरक हैं.
प्रोफेसर जोशी ने अर्थशास्त्र व राजनीतिक अर्थव्यवस्था की दृष्टि से पहाड़ के किसान -खेतिहर. यहां की तलाऊं -उपरांऊँ जमीन, उपलब्ध संसाधन व उनसे किए जाने वाले उत्पादन के साथ सामाजिक वर्गों की भूमिका व योगदान को ध्यान में रखा. उनकी नजर में एक ओर खेतिहर व उनके द्वारा किया उत्पादन था तो दूसरी ओर बाजार की संरचना जो धीरे धीरे बदल कर पुराने तौर तरीके बदल रही थी. इनके साथ संस्थागत बाधाऐं थीं जो सामंती तौर -तरीकों व औपनिवेशिक नीतियों से असंतुलित होती जा रहीं थीं. पहाड़ में कम विकास के पीछे यही संस्थागत व संरचनात्मक झोल व कमजोर कृषिगत सम्बन्ध रहे. प्रोफेसर जोशी के अनुसार विकास की दशा में परिवर्तन तो तब होगा जब खेती का रूपांतरण होगा तथा सामाजिक-आर्थिक संस्थाऐं बदलेंगी.
प्रोफेसर पूरन चंद्र जोशी की व्यापक खेतिहर प्रणाली में भूमि सुधार केवल कानूनी स्वामित्व बदलने का प्रश्न नहीं, उसका उद्देश्य आम जन व जमीन के संस्थागत संबंधों का पुनर्गठन और कृषि विकास में बाधक खेतिहर संबंधों का बदलना है. 1970 में छपे उनके अध्ययन, “लैंड रिफार्म लेगिसलेशन : ए सोशियोलॉजीकल असेसमेंट, भाग” में पहाड़ में खेती के ठहर जाने और आबादी के बढ़ने से पैदा हुई दशाओं का विवेचन किया गया इसलिए प्रोफेसर जोशी के अध्ययन का ढांचा भूमि सम्बन्ध, पैदावार की स्थिति, संस्थाओं की दशा, बाजार के आधे-अधूरेपन व वितरण की दुर्बलता पर ध्यान देते हुए विकास की अवस्थाओं को समझाता है.
डॉ टोलिया की नजर में भूमि एक ऐतिहासिक अधिकार व प्रशासनिक प्रश्न की तरह उभरती है. वह यह जानना चाहते हैं कि बंदोबस्त क्यों किए गए? राज्य व ग्रामीण समुदाय के अधिकारों को किस तरह परिभाषित किया गया? साथ ही पारम्परिक या रूढ़िजन्य अधिकार किस प्रकार प्रशासनिक व्यवस्था में समाहित हुए. प्रोफेसर जोशी के लिए भूमि उत्पादन का साधन व शक्ति का स्त्रोत है इसलिए उनका सवाल यह था कि जमीन किसके पास है? उस पर श्रम कौन करता है? उत्पादन का अधिशेष किसे मिलता है? उत्पादकता और सामाजिक समानता को भूमि सम्बन्ध किस प्रकार प्रभावित करते हैं? इन सब पक्षोंको ध्यान में रख अपने भूमि सुधार चिंतन में उन्होंने कृषि के पुनरुत्थान को कृषि संबंधों के पुर्नगठन से जोड़ा.
प्रोफेसर जोशी भूमि को उत्पादन के संबंध के रूप में देखते थे जबकि डॉ टोलिया ने भूमि को एक संस्था की भांति देखा. दोनों के बीच यह एक महत्वपूर्ण सैद्धांतिक मतभेद है. डॉ टोलिया ने कहा कि कुमाऊं-गढ़वाल को ब्रिटिश भारत में एक विशिष्ट “गैर विनियमित पर्वतीय प्रान्त” की तरह चलाया गया जबकि प्रोफेसर जोशी की राजनीतिक अर्थव्यवस्था से संबंधित सोच यह सवाल खड़ा करती है कि भले ही प्रशासन स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल रहा हो पर इसका आर्थिक लाभ किसको मिला? ऐसे में प्रोफेसर जोशी की राजनीतिक आर्थिक व्याख्या व डॉ. टोलिया का संस्थागत इतिहास एक दूसरे के पूरक बन जाते हैं.इससे यह स्पष्ट होता है कि “प्रशासनिक समायोजन” अर्थात नियमों, प्रक्रियाओं या व्यवस्था में काम को आसान बनाने के लिए किया गया प्रशासनिक बदलाव या तालमेल “आर्थिक स्वावलम्बन” हो. जरुरी नहीं कि इससे किसी व्यक्ति, वर्ग या समुदाय की वित्तीय निर्भरता, शोषण या आर्थिक बंधनों से मुक्त होकर आत्मनिर्भर होने का दावा नहीं किया जा सकता.
ब्रिटिश सरकार ने स्थानीय रीति रिवाजों को किसी सीमा तक स्वीकार करते हुए भी वन, भूमि और संसाधनों को औपनिवेशिक अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं से जोड़ा. यही वह सम विच्छेद बिंदु है जहाँ डॉ. टोलिया के इतिहास को प्रोफेसर जोशी की राजनीतिक अर्थव्यवस्था अधिक आलोचनात्मक बनाती है.
पहाड़ में कम विकास की व्याख्या में डॉ टोलिया व प्रोफेसर जोशी की तुलना करने का सबसे महत्वपूर्ण आधार आर्थिक पक्ष ही रहा. डॉ टोलिया ने पहाड़ के पिछड़ेपन को समझने में भौगोलिक विशिष्टता, ऐतिहासिक संस्थाऐं, प्रशासनिक संरचना व संसाधन व्यवस्थाओं को ध्यान में रखा जिनके विस्तार से बाद में किए गए विवेचन पर्वतीय क्षेत्र के विशिष्ट विकास व पर्वतीय समुदाय को साझा मंच देने की सोच पर टिके.एकीकृत पर्वतीय विकास का विचार व पर्वतीय पारिस्थितिकी पहल संबंधी देश व्यापी संवेदनशीलता बढ़ी. मानव कल्याण के लिए जैव विविधता का संरक्षण व संसाधनों का सतत उपयोग इसे स्थानिक-संस्थागत व्याख्या का रूप देने लगी .
प्रोफेसर जोशी ने सीमित उत्पादकता, अनुपयुक्त कृषि सम्बन्ध, कमजोर संस्थाऐं, सामाजिक असमानता, सीमित आर्थिक अवसर पर ध्यान देते हुए पहाड़ के आर्थिकी को समझाया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पहाड़ी किसान के पास जमीन है पर उसकी जोत छोटी है, तलाऊं -उपरांऊ में है. वर्षा आधारित है. इस कारण उत्पादन सीमित ही हो पाता है. इससे अतिरेक उत्पादन की चाहत पूरी नहीं हो पाती फलतः आय कम व कम पूंजी का दुश्चक्र चलते रहता है. विनियोग हेतु जरुरी बचत न होने व उपभोग के जीवन निर्वाह स्तर पर रहने से गाँव से बाहर निकल काम की खोज जारी रहती है. इससे प्रवास को बल मिलता है.
प्रोफेसर जोशी का कृषक राजनीतिक आर्थिक ढांचा इस प्रकार उत्पादन संबंधी व संस्थागत कारकों की परिसीमाओं को जोड़ता है. ये पक्ष डॉ टोलिया के प्रशासनिक इतिहास से पूरी तरह स्पष्ट नहीं होते. वहीं दूसरी तरफ केवल आर्थिक मॉडल यह नहीं समझाता की संस्थाऐं ऐतिहासिक रूप से कैसे बनीं. डॉ टोलिया बताते हैं कि संस्थाओं का प्रादुर्भाव किस तरह हुआ तो प्रोफेसर जोशी ने यह स्पष्ट किया कि उन संस्थाओं के भीतर आर्थिक क्रियाऐं कैसे उत्पन्न हुईं और उनके परिणाम क्या रहे.
डॉ टोलिया के इतिहास विश्लेषण में स्वाभाविक रूप से राज्य, बसाव, संस्थाओं, आयुक्त, प्रधान -पटवारी व बसाव का अधिक उल्लेख है. शिल्पकार जैसे समुदायों का उल्लेख उनकी बाद की रचनाओं, “शिल्पकार्स ऑफ कुमाऊं “में विस्तार से हुआ. वहीं प्रोफेसर जोशी ने पर्वतीय समाज में व्याप्त आर्थिक असमानताओं को अपने अध्ययन का आधार बनाया. उनके व डॉ टोलिया के प्रारूपों को देखते कुछ प्रश्न स्वाभाविक रूप से उभरते हैं कि वनों पर निर्भर ग्रामीणों का ब्रिटिश राज्य की वन व भूमि बंदोबस्त नीतियों पर क्या प्रभाव पड़ा? राज्य की नीतियों से पड़ने वाले बोझ को किस सामाजिक समूह ने सबसे अधिक उठाया?भूमिहीनों की क्या दशा रही?शिल्पकारों का इस संरचना में क्या योगदान रहा? पहाड़ की आर्थिकी पर औरतों की दशा व हैसियत कैसी रही? इनका जवाब पाने के लिए समाज के सबसे निचले हाशिये पर मौजूद उपेक्षित वर्गों की दशा को जानना जरुरी हो जाता है.
इसके लिए हम तीन प्रतिमानों को ध्यान में रखते हैं जिनका विश्लेषण पहाड़ के अध्ययन में प्रोफेसर एस. डी. पंत, प्रोफेसर पी सी जोशी व डॉ. आर. एस. टोलिया ने किया.इन्हें साथ देखने से लगभग एक शताब्दी के हिमालयी आर्थिक सामाजिक अध्ययन की श्रृंखला बनती है. तीनों प्रतिमानों के मूल सूत्र में प्रोफेसर एस. डी. पंत का विवेचन यह जानने में सहायक है कि पहाड़ी समाज की जीवन निर्वाह पद्धति क्या थी?
प्रोफेसर पी सी जोशी ने समझाया कि पहाड़ के समाज में उत्पादन भूमि और शक्ति के संबंध विकास को कैसे प्रभावित करते रहे? डॉ टोलिया ने बताया कि इन संबंधों को राज्य कानून और संस्थाओं ने ऐतिहासिक रूप से कैसे बनाया और बदलाव की प्रक्रिया जारी रही. अर्थात प्रोफेसर पंत सामाजिक अर्थव्यवस्था, प्रोफेसर जोशी कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था व डॉ टोलिया संस्थागत-प्रशासनिक राजनीतिक अर्थव्यवस्था की बात करते हैं.संक्षेप में पंत सामाजिक अर्थव्यवस्था, जोशी कृषि प्रधान राजनयिक आर्थिकी व टोलिया संस्थागत-प्रशासनिक राजनीतिक अर्थव्यवस्था का विवेचन करते हैं. इनकी समझ से उत्तराखंड की मुख्य समस्याओं व उनके समाधान के पक्ष स्पष्ट होते हैं.
प्रोफेसर एस. डी. पंत की 1935 में छपी “सोशियल इकोनॉमी ऑफ हिमालय” का समय इस दृष्टि से उल्लेखनीय है कि विकास का अर्थशास्त्र तब स्वतंत्र अनुशासन के रूप में उभरा नहीं था. इसलिए पंत का दृष्टिकोण सकल राष्ट्रीय उत्पाद, प्रति व्यक्ति आय व सकल राज्य मूल्य संवर्धन की भाषा सामने नहीं रखता. प्रोफेसर पंत का आधारभूत प्रश्न यह रहा कि हिमालयी समाज में आर्थिक क्रियाऐं उसकी खास सामाजिक परिस्थितियों और भौगोलिक दशाओं में किस प्रकार संचालित होतीं हैं. उनकी दृष्टि में भूमि केवल मद नहीं, पशु केवल पूंजीगत परिसंपत्ति नहीं, वन केवल लकड़ी नहीं और परिवार केवल उपभोक्ता नहीं बल्कि यह सब तो एक जीविका तंत्र से जुड़े घटक हैं.अर्थात अर्थव्यवस्था समाज और परिस्थितिकी में निहित है. आर्थिक निर्णय, क्रय-विक्रय, सामाजिक रीति रिवाजों, कानून, धर्म व संस्कृति इत्यादि से तय होते हैं. कोई भी कार्य या व्यापार केवल पैसों का लेनदेन नहीं बल्कि यह आपसी विश्वास, रिश्तों व सामाजिक प्रतिष्ठा पर निर्भर करता है. इससे यह स्पष्ट होता है कि मानव समाज व उसकी पूरी अर्थव्यवस्था पृथ्वी की पारिस्थितिकी या पर्यावरण का हिस्सा है. अर्थव्यवस्था को जीवित रहने के लिए कच्चे माल, ऊर्जा व पानी की आवश्यकता पड़ती है जो हमें प्रकृति से मिलती है. प्रकृति के संसाधन सिमित हैं इसलिए अर्थव्यवस्था में असीमित आर्थिक विकास सम्भव नहीं. इस प्रकार सबसे छोटा वृत अर्थव्यवस्था है जो समाज की अवश्यक्ताओं को पूरा करने के लिए समाज व पर्यावरण पर निर्भर है. अर्थव्यवस्था समाज की सेवा के लिए है इसलिए समाज को प्रकृति के नियमों के दायरे में रहना होगा. यह बात समझाना प्रोफेसर पंत का सबसे बड़ा योगदान है.
एक सामान्य पहाड़ी परिवार में छोटी कृषि+ पशुपालन+वन+सामुदायिक संसाधन+पारिवारिक श्रम+स्थानीय स्तर पर किया जाने वाला लेनदेन इत्यादि समाहित होता है. यदि इनमें से किसी एक को हटा दें तो पूरे परिवार की आर्थिकी प्रभावित होती है. उनका प्रतिमान इस दृष्टि से मूलतः जीवनयापन केंद्रित है.
प्रोफेसर पंत ने यह अंतरदृष्टि दी कि गरीबी को केवल नगद आय से मत नापिये. उदाहरण के लिए एक पहाड़ी परिवार की नगद आय कम हो सकती है पर वह स्वयं अनाज पैदा करता है, सब्जी उगाता है, पशु पालता है, जंगल से चारा पत्ती लेता है. घर -परिवार के मध्य भुगतान प्राप्त न होने वाले श्रम का योगदान करता है. इन सबका यदि मौद्रिक मूल्यांकन न किया जाए तो परंपरागत अर्थशास्त्र उस परिवार के वास्तविक उत्पादन को कम आंक सकती है. इसलिए पंत से प्राप्त पहली अनुभव सिद्ध संकल्पना यह है कि नकद आय ~कुल हिमालयी घरेलू अर्थव्यवस्था. इसका आगे विस्तार कर अनुमानित घरेलू आय, घर की औरतों द्वारा किया बिना भुगतान वाला काम व पर्यावरण प्रणाली पर निर्भरता का आधार बनाने की दिशा में अध्ययन सम्भव हुए. कृषि राजनीतिक अर्थव्यवस्था हमें यह पूछने के लिए बाध्य करती है कि व्यवस्था जैसी है वैसी ही क्यों बनी रहती है? और उसके भीतर जो लाभ प्राप्त होते हैं वह किसे मिलते हैं? साथ ही व्यवस्था में जो शक्ति है वह किसके पास है?
अब हम आते हैं प्रोफेसर पूरन चंद्र जोशी की पुस्तक, “लैंड रिफॉर्म्स इन इंडिया : ट्रेंड्स एंड परस्पेक्टिव्स” में जो 1970 के दशक में प्रकाशित हो चर्चा का विषय बनी थी और यह इंस्टिट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ से संबंधित अध्ययन के रूप में दर्ज थी. सामान्यतः प्रोफेसर जोशी की यह शोध अखिल भारतीय कृषि अर्थव्यवस्था व भूमि सुधार पर केंद्रित थी यहाँ हम उनके कृषिगत प्रारूप को उत्तराखंड पर लागू कर पहाड़ की अर्थव्यवस्था को जानने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने भूमि सुधार को केवल जमीन के कानूनी पुनर्वितरण तक सीमित नहीं किया. उनके अध्ययन में भूमि सुधार के पीछे विभिन्न ग्रामीण वर्गों, मध्यवर्गीय भूस्वामी,बड़ी जोत वाले खेतिहर व हाशिये पर रह रहे गरीब हैं. उनका मुख्य निष्कर्ष यह था कि सुधारों से मध्यम वर्गीय खेतिहरों को अधिक राजनीतिक शक्ति मिली तो ग्रामीण निर्धन अपने ही दुश्चचक्रों में फँसा रहा.
प्रोफेसर एस. डी. पंत ने भूमि को पारिवारिक निर्वाह या गुजारा की तरह देखा. उनका सवाल यह था कि कितनी जमीन है? वहीं प्रोफेसर जोशी की बात समझते यह सवाल सामने आते हैं कि कि जमीन किसके पास है? कौन उस पर श्रम करता है? उत्पाद कौन बेचता है? मूल्य कौन निर्धारित करता है? अतिरेक किसके पास रहता है. इस सिलसिले को जानते सामाजिक राजनीतिक आर्थिकी का प्रारूप बनता है.
तीसरा प्रतिमान डॉ. आर. एस. टोलिया के विश्लेषण से उभरता है कि इस सामाजिक राजनीतिक आर्थिकी के पीछे कौन सी संस्थाऐं हैं? यह भूमि संबंध, वन अधिकार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के रूप में कैसे सामने आयीं. उनकी पुस्तक,”ब्रिटिश कुमाऊं गढ़वाल : एँ एडमिनिस्ट्रेटिव हिस्ट्री ऑफ ए नॉन रेगुलेशन हिल प्रोविन्स” में रेवेन्यू, सेटलमेंट, पोर्टर्स, पटवारी, थोकदार जैसे विषय प्रमुखता से उभरते हैं. उनकी बात परिवार, घरबार, कुटुंब से हट कर, समाज के विभिन्न वर्गों से ऊपर उठ राज्य तक पहुंच जाता है.
एस. डी. पंत के “परिवार और समुदाय”, पूरन चंद्र जोशी के उत्पादन ढांचे व वर्ग संरचना और आर एस टोलिया के राज्य व संस्था के विवेचन से उत्तराखंड के आर्थिक इतिहास की लगभग पूरी ऊर्ध्वाधर श्रृंखला हमारे सामने आ जाती है. इसमें डॉ टोलिया ने इतिहास को संस्थागत स्मृति बनाया. वह बताते हैं कि औपनिवेशिक राज्य ने स्थानीय पारम्परिक व्यवस्थाओं को किस प्रकार स्वीकार किया. इन्हें दर्ज किया व संशोधित किया. इन्हें प्रशासनिक संस्था के रूप में बदला. और कई मामलों में नियंत्रित किया. इसलिए वह इतिहास संस्था से आगे वर्तमान तक चल रही आर्थिक गतिविधियों व व्यवहार तक आते हैं. यह एक महत्वपूर्ण बिंदु है. उदाहरण के लिए यदि कोई गांव जंगल पर निर्भर है तो इसे केवल समकालीन बाजार विफलता कह देना अधूरा होगा. इसके पीछे तो ऐतिहासिक रूप से गठित संपत्ति अधिकार व्यवस्था भी है. यह उस कानून या व्यवस्था व संपत्ति को प्रदर्शित करता है जो अचानक ही नहीं बनी बल्कि सदियों के इतिहास, औपनिवेशिक काल व सामाजिक -राजनीतिक संघर्षों के फलस्वरूप धीरे धीरे बनी. यहाँ डॉ टोलिया और प्रोफेसर जोशी की सोच एक दूसरे से मेल खाती है.
अब हम तीनों विद्वानों के विश्लेषण को एक दूसरे के साथ एक क्रम में रखते हैं.
- 1930 के दशक में प्रोफेसर एस. डी. पंत की जिज्ञासा यह रही कि पहाड़ी समाज अपनी सीमित भूमि, वन, पशुधन, और श्रम के सहारे कैसे अपना सामाजिक आर्थिक पुर्नउत्पादन करता है. उन्होंने परिवार /समुदाय को मुख्य इकाई लिया.
- दूसरा चरण प्रोफेसर पी सी जोशी का है जो 1960- 1970 का वितरण व रूपांतरण का दशक है.उनका संशय है कि खेती की संरचना में परिवर्तन कैसे होते हैं या फिर हो ही नहीं पाते.भूमि सुधार से किस वर्ग को लाभ मिलता है? उत्पादन के संबंध और राजनीति शक्ति कैसे आपस में जुड़े हैं. यहाँ मुख्य इकाई वर्ग / उत्पादन संबंध हैं. भूमि सुधार की उनकी व्याख्या में गरीब खेतिहर व ग्रामीणों के वर्ग को बहुत कम फायदा मिलता है तो उनकी राजनीतिक शक्ति भी संकुचित ही रहती है. वहीं मध्य वर्ग को अधिक शक्ति व उभार के अवसर मिलते हैं. यह निष्कर्ष उनके द्वारा समझायी राजनीतिक आर्थिकी का उदाहरण है.
- तीसरा चरण 1990 के बाद उत्तराखंड की संस्थाओं और शासन, अधिकार या शासन अधिकार की दशा व दिशा को स्पष्ट करते हैं. इसे स्पष्ट करते हुए डॉ टोलिया समझाते हैं कि पहाड़ी समाज के संपत्ति अधिकार,राजस्व व्यवस्था, आय व्यवस्था व प्रशासनिक संस्थाऐं ऐतिहासिक रूप से कैसे बनीं.इनका विकास कैसे हुआ जिन्होंने राज्य में नीतियों, कानूनों या व्यवस्था को लागू करने का कार्य किया.यहाँ मुख्य इकाई राज्य व संस्थाऐं हैं.
उपर्युक्त से अर्थव्यवस्था की तीन परतें दिखाई देतीं हैं :
- जीविका अर्थव्यवस्था जिसका विवेचन प्रोफेसर एस. डी. पंत ने किया.
- उत्पादन और वितरण की अर्थव्यवस्था जो प्रोफेसर पी सी जोशी के शोध कार्य से स्पष्ट हुई.
- संस्थागत व ऐतिहासिक अर्थव्यवस्था जो डॉ. आर. एस. टोलिया के लेखन से उभरी.
इसे हम एक जंगल के उदाहरण से स्पष्ट करते हैं :
- प्रोफेसर पंत के अध्ययन में प्रश्न होगा कि जंगल ग्रामीण परिवार को चारा, ईंधन, खाद व पशुपालन में कितना सहारा देता है.
- प्रोफेसर जोशी पूछेंगे कि जंगल से उत्पन्न आर्थिक अतिरेक और लाभ किसके पास जाएंगे. समुदाय, ठेकेदार, बाजार या राज्य के पास ?
- डॉ टोलिया का प्रश्न यह कि जंगल पर अधिकार राज्य के पास कैसे पहुंचा.रूढ़िजन्य या परंपरागत अधिकारों को औपनिवेशिक वन प्रशासन ने कैसे बदला?
आज के सन्दर्भ में पारिस्थितिकी के प्रसंग में हम यह प्रश्न उठा सकते हैं कि जंगल द्वारा उत्पादित कार्बन पृथक्करण, जल पुर्नभरण और जैव विविधता की आर्थिक कीमत कौन प्राप्त करता है.
दूसरा उदाहरण पलायन पर समझें :
- प्रोफेसर पंत के अनुसार पलायन पारिवारिक आजीविका विविधिकरण का साधन हो सकता है.
- प्रोफेसर जोशी ने स्पष्ट किया कि स्थानीय उत्पादन में अतिरेक, विनियोग व रोजगार इतना पर्याप्त क्यों न बना कि स्थानीय व्यक्ति को बाहर जाना पड़ा.
- डॉ टोलिया ने यह खोजबीन की कि क्या ऐतिहासिक प्रशासन और विकास संस्थाओं ने ऐसी आर्थिक संरचना बनाई कि जिसमें स्थानीय उत्पादन के अवसर कमजोर बने रहे.
आज के प्रसंग में प्रश्न यह कि प्रेषण या भेजा हुआ धन वापस कहाँ आता है? उपभोग में, मकान में, शिक्षा में या उत्पादकता उपक्रम में? इस पर ध्यान देते हुए पलायन के अच्छे या बुरे प्रभाव जैसी बहस प्रवास की राजनय आर्थिकी बन जाती है.
तीसरा उदाहरण लें पहाड़ की औरत का जिसे प्रोफेसर पंत की सामाजिक व्यवस्था हमें घरेलू काम, घरेलू श्रम या गृह -श्रम तक ले जाती है. यदि पुरुष प्रवास करता है तो महिला खेती + पशुधन + चारा + जल + बुजुर्ग + बच्चों की देखभाल के साथ अन्य सभी कार्यों का संयुक्त भार उठाती है.
पारम्परिक सांख्यिकी इसे पूरी तरह आय नहीं मानती. इसलिए इसमें लेंगिक या नारीवादी राजनीतिक पारिस्थितिकी की एक पर्त जोड़ी जा सकती है. जिससे यह समझना आसान होगा कि विकास की पारिस्थितिक और सामाजिक लागत किसके अवैतनिक श्रम में छिपी है. तीनों विद्वानों के विश्लेषण का आधार लेते हुए जो सूत्र आपस में संबंधित होते हैं उनसे आज के उत्तराखंड का प्रारूप और अधिक स्पष्ट रूप से समझा जा सकता है :
प्रोफेसर एस. डी. पंत ने प्राकृतिक संसाधन आधार लेते हुए परिवार व सामुदायिक आर्थिकी को रेखांकित किया. प्रोफेसर पूरन चंद्र जोशी ने भूमि-उत्पादन-अतिरेक-वर्ग के मध्य संबंध स्पष्ट किए. डॉ. आर. एस. टोलिया ने राज्य-प्रॉपर्टी का अधिकार-संस्थाओं का निर्मित होना समझाया.
यह आधार बाजार+प्रवास+ सार्वजनिक नीति की दशाओं को समझने में उपयोगी बनता है. इसमें लिंग विभेद +पारिस्थितिकी+जलवायु के परिवर्तनों को सम्मिलित करते हुए समकालीन हिमालयी विकास को समझा जा सकता है. यह मात्र रेखीय आकस्मिक श्रृंखला नहीं है, इसमें प्रतिक्रिया है, पुर्ननिवेश है. सामाजिक आर्थिक इतिहास के सन्दर्भ में कारण-प्रभाव श्रृंखला ऐतिहासिक घटनाओं के पीछे के सामाजिक आर्थिक कारणों को समझाती है तो अनौपचारिक या आकस्मिक संबंध समाज के कमजोर वर्ग व अनौपचारिक क्षेत्र के बीच के जुड़ाव को प्रकट करती है.
कुमाऊं व गढ़वाल में औपनिवेशिक शासन (1815-1947) तथा उसके बाद प्रथक राज्य बनने का आंदोलन (1947-2000) उत्तराखंड के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक -आर्थिक व राजनीतिक धटनाक्रमों में है. यह स्पष्ट रूप से कारण और प्रभाव की श्रृंखला को प्रकट करता है जहां औपनिवेशिक शोषण ने सामाजिक चेतना को प्रस्फुटित किया. प्रथक पर्वतीय प्रदेश से विकास की गति को बढ़ाने की चाह से अंततः उत्तराखंड प्रथक राज्य का स्वरूप ले पाया.
1815 में सुगौली की सन्धि के बाद गोरखा राज्य का पतन हुआ और ब्रिटिश गढ़वाल व कुमाऊं में औपनिवेशिक शासन आरम्भ हुआ. पहले कमिश्नर एडवर्ड गार्डनर व वास्तविक वास्तुकार जॉर्ज विलियम ट्रेल बने. दूसरी तरफ टिहरी रियासत को राजा सुदर्शन शाह को सौंप दिया गया जो ब्रिटिश संरक्षण में एक अर्ध स्वतंत्र रियासत बनी. ब्रिटिश हुकूमत ने पहाड़ की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह अपने हित के लिए बदल दिया. शोषण की श्रृंखला शुरू हुई व इसकी प्रतिक्रिया में आंदोलन भी उभरे. सरकार एक ओर जंगलों के अंधाधुंध कटान में संलग्न हुई तो 1878 के वन अधिनियम से स्थानीय ग्राम वासियों के हक -हकूक छीन लिए गए. असंतोष उभरा. शोषण का सबसे दमनकारी रूप कुली बेगार था जिससे गांववालों को बिना किसी भुगतान पारिश्रमिक के ब्रिटिश अधिकारियों का माल-असबाब ढोना पड़ता था. बंदोबस्त से खेती व वन अधिनियम से जंगलों से नियंत्रण खोने के बाद पहाड़ वासियों को रोजी रोटी व नौकरी-चाकरी मजदूरी के लिए गांव घर छोड़ पलायन करना पड़ा
औपनिवेशिक आर्थिक शोषण के प्रतिरोध में अनौपचारिक व संगठित आंदोलनों की एक श्रृंखला आरम्भ हुई जिससे 1921 में कुली बेगार प्रथा पर रोक लगी. वनों पर अपने हक के लिए ब्रिटिश कानूनों की अवज्ञा होती रही. उधर टिहरी राजशाही के खिलाफ विद्रोह हुआ. 1947 में आजादी के बाद कुमाऊं व ब्रिटिश गढ़वाल उत्तर प्रदेश के पर्वतीय इलाके थे. राजशाही से मुक्त हो टिहरी 1949 में शामिल किया गया. पहाड़ की भौगोलिक दशा व सामाजिक आर्थिक परिस्थितियों को उत्तर प्रदेश की राजधानी में बैठे नीति निर्माताओं ने गंभीरता से न लिया. फलतः प्रथक राज्य की मांग के पीछे पहाड़ की भौगोलिक उपेक्षा, संसाधनों का अति दोहन, बेकारी व पलायन जैसे कारक प्रभावी रहे. 1938 में ही कांग्रेस अधिवेशन जो श्रीनगर गढ़वाल में पंडित जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में संपन्न हुआ में मुख्य मांग प्रथक पर्वतीय राज्य रही थी. लम्बे संघर्ष, अनगिनत शहादतों व महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी के बाद अगस्त 2000 में संसद ने उत्तरप्रदेश पुनर्गठन विधेयक पारित किया जिससे 9 नवंबर 2000 को भारत के 27 वें राज्य के रूप में उत्तराँचल का गठन हुआ जिसे बाद में उत्तराखंड कर दिया गया.
उपर्युक्त से स्पष्ट है कि उत्तराखंड का तथाकथित ‘अविकास’ केवल कम आय व कठिन भूगोल की समस्या नहीं है. वह प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित सामाजिक अर्थव्यवस्था (एस. डी. पंत ), भूमि -उत्पादन -वितरण संबंधों की रचना (पी सी जोशी )और ऐतिहासिक रूप से निर्मित राज्य एवम संसाधन संस्थाओं (आर एस टोलिया )की संयुक्त अध्ययन व्याख्या से स्पष्ट रूप से समझ में आता है. इसका विपरीत भी महत्वपूर्ण है. पहाड़ को केवल कारण और प्रभाव की आकस्मिक कड़ियों /अनौपचारिक /अस्थायी संबंधों की श्रृंखला से नहीं समझा जा सकता. यह रेखीय कारण – कार्य संबंध मात्र नहीं है इसमें प्रतिपुष्टि /प्रतिक्रिया भी है. उसे पिछड़ा कहना भी अधूरा है. उसकी सामाजिक अर्थव्यवस्था में ऐसे उत्पादन हैं जिनमें निहित श्रम को कोई भुगतान नहीं किया जाता. उसमें निर्वाह उत्पादन,जीविका उत्पादन,या निर्वाह कृषि,पारितंत्र सेवाएं व अन्य गुणात्मक घटकों की उपस्थिति होती है जिसे पारम्परिक राष्ट्रीय आय लेखांकन पर्याप्त रूप से नहीं पकड़ता.प्राकृतिक संसाधनों के ह्रास, पर्यावरण प्रदूषण, अनौपचारिक या अवैतनिक कार्यों के माप तो पर्यावरण आर्थिक या हरित लेखांकन से सम्भव बनते हैं.
औपनिवेशिक राज से पहाड़ की जीवन निर्वाह आर्थिकी खंडित हुई. प्रवासन ने घरेलू अर्थव्यवस्था पर प्रभाव डाला. भूमि उपयोग में बदलाव आया. भूमि अवनयन हुआ, जल चक्र पर प्रभाव पड़ा, जैव विविधता की क्षति हुई. जलवायु बदली. उत्तराखंड का विकास क्यों अवरुद्ध रहा के साथ हर स्तर पर यह देखा जाना जरूरी था कि यहाँ क्या उत्पादन होता रहा. सेवाओं का स्वरूप क्या था? इस उत्पादन का मूल्य कहाँ दर्ज हुआ, उसका लाभ किसे मिलता है और उसकी सामाजिक पारिस्थितिक लागत कौन वहन करता है. यह प्रश्न पंत की सामाजिक अर्थव्यवस्था, जोशी की राजनीतिक अर्थव्यवस्था व आर एस टोलिया का संस्थागत इतिहास वर्तमान के पारिस्थितिक राजनीतिक अर्थव्यवस्था की बौद्धिक वंशावली को निर्मित करने का आधार देता है.
(जारी)

जीवन भर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुल महाविद्यालयों में अर्थशास्त्र की प्राध्यापकी करते रहे प्रोफेसर मृगेश पाण्डे फिलहाल सेवानिवृत्ति के उपरान्त हल्द्वानी में रहते हैं. अर्थशास्त्र के अतिरिक्त फोटोग्राफी, साहसिक पर्यटन, भाषा-साहित्य, रंगमंच, सिनेमा, इतिहास और लोक पर विषदअधिकार रखने वाले मृगेश पाण्डे काफल ट्री के लिए नियमित लेखन करेंगे.
इसे भी पढ़ें : पहले समाज बदलो, राज्य अपने आप सार्थक हो जाएगा : इंद्र सिंह नयाल
काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री
काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

































