Featured

कोरोना महामारी की दवा लांच करने वाला पतंजलि योगपीठ कोविड हमले से बेदम

पूरे देश की ही तरह उत्तराखण्ड में भी कोरोना वायरस संक्रमण के हालात बेकाबू हो गए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस समय प्रदेश में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या सवा लाख से भी ज्यादा हो गयी है, मृतकों का आंकड़ा भी 1870 के करीब पहुंच गया है. सबसे ज्यादा संक्रमित लोग देहरादून जिले में हैं उसके बाद क्रमशः हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर का नंबर आता है. (Patanjali Yogpeeth Covid Attack)

इस बीच हरिद्वार में बाबा रामदेव का पतंजलि योगपीठ कोरोना के नए ठिकाने के रूप में सामने आया है. पतंजलि आचार्यकुलम, योगपीठ और योग ग्राम में कार्यरत कुल 39 छात्र-कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. योगग्राम में 20, योगपीठ में 10 और आचार्यकुलम में 9 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं.

रामदेव के गढ़ में कोरोना के महाहमले ने रामदेव के कोरोना की दवा खोज निकालने के दावे को भी पूरी तरह गलत साबित कर दिया है.

23 जून 2020 को रामदेव की कंपनी ‘पतंजलि रिसर्च इंस्टिट्यूट’ ने बाकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इसमें ‘कोरोनिल’ और ‘श्वासारी वटी’ नाम की 2 दवाएं पेश कर कोविड-19 के इलाज का दावा किया गया. रामदेव ने इसके क्लिनिकल ट्रायल में सफल होने का दावा भी किया. ये वह समय है जब पूरी दुनिया में कोविड के नियंत्रण के लिए क्लिनिकल ट्रायल्स काफी तेजी से चल रहे थे. पतंजलि के इस दावे को फ्राड बताते हुए देश में कुछ एफआईआर भी दर्ज हुईं.

बवाल मचने पर आयुष मंत्रालय ने इस दावे का संज्ञान लेते हुए पतंजलि को कई सवालों के जवाब पेश करने को भी कहा. स्वास्थ्य मंत्रालय ने रामदेव की इस दावा के प्रचार-प्रसार पर रोक भी लगा दी. ये अलग बात है कि उस समय इस तरह के हवाई दावे करने वालों के खिलाफ महामारी एक्ट में मुक़दमे कायम कर उन्हें जेलों में ठूंसा जा रहा था.

इसके बाद पतंजलि ने नया दांव खेलते हुए कहा कि उन्होंने कभी कोरोना की दवा खोज लेने का दावा नहीं किया था बल्कि ये इम्युनिटी बूस्टर हैं और कोविड से लड़ने में मददगार है.

खैर पूरे देश ने देखा जहां ओझा और झोलाछाप डॉक्टर डिग्रीधारी डॉक्टरों पर हावी हैं वहां रामदेव की दवाएं बिकनी थीं और खूब बिकी भी.

फरवरी 2021 में रामदेव ने फिर से धमाका करते हुए कोरोना वायरस की प्रमाणित दवा लांच करने का दावा किया. इस कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी उपस्थित थे.

पतंजलि ने इस दवा के विश्व स्वास्थ्य संगठन की सर्टिफिकेशन स्कीम के तहत आयुष मंत्रालय से प्रमाणित होने का भी दावा किया. हर्षवर्धन और गडकरी ने भी बाबा का बखान कर आयुर्वेद की महिमा को स्थापित करने की बात की. कार्यक्रम में पतंजलि ने कोरोनिल और श्वासारी के अलावा पीड़ानिल, मधुनाशिनी, मुक्तावटी, इम्युनोग्रिट, प्रोस्टोग्रिट, आदि दवाएं लांच की. इस बात की तो दाद देनी पड़ेगी कि रामदेव दवाओं के नाम बहुत लुभावने रखते हैं और दावे भी. सो, पतंजलि ने दोबारा से पैसा कूटना शुरू किया और जमकर कूटा भी.

अब पतंजलि के हेडक्वार्टर पर ही कोरोना बम फटने के बाद रामदेव के हवाई दावों की हवा निकल चुकी है. आयुर्वेद और योग के जरिये कोरोना पर काबू पाया जा सकता है के दावे करने वाले रामदेव इन दिनों मौन व्रत धारण किये हुए हैं. इसके बाद दोबोरा इस बात की चर्चा होना लाजमी है कि योगगुरु रामदेव और पतंजलि ने कोरोना की दवा बना लेने का दावा कर देश को गुमराह किया है.

इसे भी पढ़ें : क्या पतंजलि के योग और आयुर्वेद द्वारा इलाज के दावे बेमानी हैं

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें: Kafal Tree Online

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

2 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

2 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

2 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago