Featured

छात्र राजनीति में जागरूकता का अभाव- सन्दर्भ गढ़वाल विश्वविद्यालय

यह आलेख हमें हमारे पाठक कमलेश जोशी ने भेजा है. कमलेश का एक लेख – सिकुड़ते गॉंव, दरकते घर, ख़बर नहीं, कोई खोज नहीं – हम पहले भी छाप चुके हैं. यदि आप के पास भी ऐसा कुछ बताने को हो तो हमें kafaltree2018@gmail.com पर मेल में भेज सकते हैं.

विश्व विद्यालयों में चुनावी सरगर्मी तेज़ है. अगले लगभग एक माह तक विश्वविद्यालयों में चुनावी दंगल चलेगा. मुख्य धारा की राजनीति में आने का सूत्रधार विश्वविद्यालय की राजनीति को माना जाता है. मैंने दिल्ली विश्वविद्यालय और जेएनयू की राजनीति को बहुत क़रीब से देखा है और आज जब मैं अपने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की राजनीति देखता हूँ तो निराशा से ज़्यादा कुछ हाथ नहीं लगता. मुख्य धारा की दो पार्टियों के संगठन एबीवीपी व एनएसयूआई के अलावा कुछ स्वगठित छात्र संगठन जैसे – जय हो, छात्रम, आर्यन, भारतीय विद्यार्थी मोर्चा आदि चुनाव में उतरे हुए हैं. वामपंथी विचारधारा का संगठन आइसा भी चुनावी रेस में है.

वैसे तो लिंगदोह कमेटी की सिफ़ारिशों के हिसाब से विश्व विद्यालय सेशन के 6 से 8 सप्ताह के बीच चुनाव हो जाने चाहिए थे किन्तु काफ़ी जद्दोजहद के बाद सितम्बर की 7 तारीख़ चुनाव के लिए मुक़र्रर की गई है. पिछले एक माह से छात्र संगठनों का प्रचार-प्रसार ज़ोरों पर हैं. प्रचार के नाम पर सिर्फ़ पोस्टर चिपकाना, फ्लैक्स लगाना, नारेबाज़ी करना और हॉस्टल में रात-बेरात जाकर छात्रों से वोट माँगने के अलावा संगठनों के पास विश्व विद्यालय हित के कोई बुनियादी मुद्दे नहीं है. सभी संगठनों में पिछले वर्ष छात्र हित में कराए कार्यों का श्रेय लेने की बस होड़ सी लगी है. किसी भी संगठन का कोई लिखित एजेंडा नहीं है. आइसा ने ज़रूर अपने विगत कार्यों और भविष्य की नीतियों का पर्चा ज़रूर बाँटा लेकिन नीतिगत रूप से वह भी अपर्याप्त ही है.

उम्मीदवारों की बात करें तो किसी भी संगठन ने छात्र संघ की चारों सीटों के लिए अपने उम्मीदवार खड़े नहीं किये हैं. किसी ने एक पद पर तो किसी ने दो पदों पर उम्मीदवारी ठोकी है. ऐसा प्रतीत होता है जैसे उम्मीदवारी फ़िक्स है और इसे लेकर सभी संगठनों में आपसी सहमति भी है. विश्व विद्यालय के बिरला कैंपस में फिर भी चुनाव की गर्मजोशी देखी जा सकती है लेकिन चौरास कैंपस दिन में सूना सा पड़ा रहता है और रात को 8 बजे के बाद सभी संगठनों के नेता लगातार समय अंतराल में आकर लगभग रात 12 बजे तक हॉस्टल में पहुँच कर छात्रों की नींद व अध्ययन में विघ्न डालते हैं.

चुनाव का असल मक़सद छात्रों और विश्व विद्यालय के मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखना है लेकिन मुद्दों को लेकर राजनीतिक संगठनों में अपरिपक्वता है. असल में प्रचार के दौरान न तो वे मुद्दों की बात करते हैं और न ही समस्याओं की. छात्रों के अहम मुद्दों में पौड़ी को चौरास कैंपस से जोड़ने वाले पुल के बाद रोड का निर्माण, कैंपस व हॉस्टल में वाई-फ़ाई, शोध छात्रों पर पठन-पाठन का अतिरिक्त कार्यभार, अध्यापकों का कक्षाएँ न लेना, बौद्दिक विकास के कार्यक्रमों की सीमितता, पुस्तकालय में पुस्तकों की अनुप्लब्धता, मैस के खाने की गुणवत्ता, कैंपस में आवारा जानवरों का विचरण आदि-आदि हैं किन्तु किसी भी संगठन का चुनावी प्रचार इन सब मुद्दों के इर्द गिर्द घूमता नहीं दिखता. एक संगठन के कुछ छात्र आकर बोले सर अपना आशीर्वाद बना कर रखियेगा और वोट हमें ही दीजियेगा. मैंने पूछा सिर्फ आपको ही क्यों? तो बोले कि हमारे विरुद्ध वामपंथी खड़े हैं और आप तो जानते हैं वामपंथी कितना बड़ा खतरा हैं देश के लिए. मैं मुस्कुराया और मैंने पूछा कभी मार्क्स, लेनिन और माओ को पढ़े हो तो उत्तर था नहीं. वामपंथी विचारधारा के विरोधियों की हालत कैंपस में ऐसी है कि हीरो उनका भगत सिंह है और चेग्वेरा की टी-शर्ट पहन कर घूमते हैं.

संगठनों के निर्वाचित उम्मीदवारों को मैंने अब तक सिर्फ हाथ जोड़े खड़ा पाया है. उनकी तरफ से बोलने के लिए हर संगठन के पास एक-दो लोग हैं किन्तु उम्मीदवार का सिर्फ हाथ जोड़कर खड़े रहना उसकी प्रतीभा पर संशय पैदा करता है. कुल मिलाकर छात्र संगठनों से लेकर विश्व विद्यालय के छात्रों तक राजनीतिक जागरूकता का अभाव है. इस अभाव को दूर करने के लिए हमें पढ़ना होगा और राजनीति के असल मायनों को समझना व छात्रों तक पहुँचाना होगा. तब जाकर विश्व विद्यालय की राजनीति अपने पटल पर आएगी.

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago