क्या हमें कभी मिलेंगे वो फल जो ट्रेल ने कुमाऊं में खाए?

आजकल पहाड़ को समझना समय को उल्टा पढ़ना हो गया है. पिछले कुछ वर्षों से मैं यह समझने की कोशिश कर रही हूँ कि सदियों से फले फूले हमारे पर्वतीय समाज को अचानक “उजड़ता हुआ” क्यों कहा जाने लगा है. मैं अभी सारी बातें समझ नहीं पाई हूँ, पर कुछ-कुछ समझ आने लगा है, जैसे कि फूड चैन में आई हल्की-सी हलचल भी पूरे परिदृश्य को बदल देती हैं. जब मधुमक्खी पालन कम होता है तो पोलीनेशन घटता है, जब पोलीनेशन घटता है तो जंगली फल कम होते हैं, और जब जंगल का भोजन कम होता है तो जंगली जानवर घरों तक चले आते हैं. फिर हम इसे मानव-वन्यजीव संघर्ष नाम दे देते हैं, जैसे वह कोई अचानक घटित हुई दुर्घटना हो. सड़कों को हमने जीवन रेखा कहा, और सच भी है कि उन्होंने दूरी घटाई, पर उन्होंने जीवन की लय भी बदली, वाटर चैनल तोड़े, बसासतों का ढांचा बदला. कभी-कभी मन में आता है कि क्या भविष्य की कोई साइलेंट एयर मोबिलिटी या छोटे यान/ड्रोन इस निर्भरता का कोई और रास्ता खोल पाएंगे. फिलहाल तो यह सिर्फ एक संभावना है.

आज अचानक कमिश्नर ट्रेल की किताब दिखी. वही ट्रेल जिन्होंने 1851 में कुमाऊं के बारे में लिखा था. उनके शब्दों में दर्ज फलों की सूची पढ़ते हुए लगा जैसे किसी पुराने बगीचे का दरवाज़ा खुल गया हो. उन्होंने Apple, Pear, Apricot, Cherry, Walnut, Pomegranate, Mulberry, Peach, Mango, Guava, Orange, lemon (2 kinds), Citron (4 Kinds), Plantain, Arbutus, Strawberry, Raspberry, Barberry, Grape, Blackberry और Giwain जैसे फलों का उल्लेख किया. साथ ही Bhomora और Chyur जैसे स्थानीय वृक्षों का भी, जिनके बारे में अब हम मुश्किल से बात करते हैं.

मैंने सोचा, क्या उस समय ये फल सचमुच हमारे आस पास थे, या वे किसी खास हिस्से में सीमित थे. या हमने इन्हें इसलिए खो दिया क्योंकि ये बाजार के लॉजिक में फिट नहीं बैठे. आज हमारे फल ट्रकों से आते हैं, एक आकार में, एक स्वाद में, और अक्सर बिना उस सुगंध के जो पहाड़ी हवा में घुली रहती थी.

ट्रेल की सूची पढ़ते हुए मुझे यह भी लगा कि बायोडायवर्सिटी कभी सिर्फ जंगल का विषय नहीं थी. वह घर, बगीचे और जंगल के बीच का संवाद थी. जब मधुमक्खियां कम हुईं तो बगीचे की आवाज धीमी हुई. जब बगीचा चुप हुआ तो जंगल की भूख बढ़ी. और जब जंगल भूखा हुआ तो खेत असुरक्षित हुए. शायद “पलायन” किसी एक घटना का परिणाम नहीं बल्कि छोटे-छोटे छूटे हुए धागों का जाल है.

कमिश्नर ट्रेल के बारे में सोचते हुए मुझे लगा कि मैं एक प्रश्न के साथ चल रही हूँ. क्या हमें वे फल फिर मिलेंगे. क्या Giwain (ग्यूवाईं Elaeagnus angustifolia ) फिर से खुले ढलानों पर उगेगी. क्या तरह तरह के नींबू फिर से गाँवों के पास दिखाई देंगे. क्या जामिर, गलगल को बच्चे नाम लेकर तोड़ेंगे. यह सवाल उदासी का नहीं है, यह इकोलॉजिकल मैमोरी का है. अगर मैमोरी बची रहे तो संपन्नता भी लौट सकती है.

शायद किसी दिन, इसी पहाड़ों पर चलते हुए, हवा में च्यूरे की हल्की गंध होगी और किसी झाड़ी में हिसालू पक रहे होंगे. तब यह प्रश्न इतिहास का नहीं रहेगा, बल्कि वर्तमान का स्वाद बन जाएगा.

-डॉ. लता जोशी

मूलतः गंगोलीहाट की रहने वाली डॉ. लता जोशी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर हैं. फ़िलहाल हल्द्वानी शहर में रह ही, डॉ. लता जोशी, काफल ट्री की नियमित सहयोगी रही हैं. 

इसे भी पढ़ें : तिब्बती समाज की बहुपतित्व परंपरा: एक ऐतिहासिक और सामाजिक विवेचन

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

View Comments

  • लता जी, जिस च्यूर की बात आपने करी है, उसका भी वैज्ञानिक नाम उपलब्ध करा देतीं तो बहुत ही अच्छा होता।

  • लम्बे समय बाद - मेरे अपने पसंद के पौधे - भमोरा पर कुछ पढ़ने को मिला , मैंने इस वर्ष - जंगल में आग लगाने के दौरान अपने पीपलकोटी के जंगलों से भामोरे की 800 कटिंग अपनी नरसरी में लगाई हुई हैं - अब देखता हूँ कितनी जम पाती हैं ! आपका आलेख बहुत जानकारी पूर्ण है !

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

2 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

2 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

2 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago