समाज

इस बार वह अकेला ही वोट देने आएगा

अगर 1200 वोटर पर एक बूथ वाला नियम नहीं होता तो उस बूथ पर वह अकेला वोटर होता. सरकार तो कुछ नहीं कर पायी चुनाव आयोग ने आज पहली बार इस अकेले वोटर के लिए कुछ किया है. बड़ी मुश्किल से पहाड़ पर 1200 वोटर इकट्ठा कर उसके लिए एक बूथ बनाया है. इस बार बूथ उसके घर से 12 किमी दूर है. हर चुनाव में उसके घर की और बूथ की दूरी बढ़ रही है लेकिन वे फिर भी पहुंचता है. (Column by Rajiv Pandey)

चार चुनावों में उसने बहुत कुछ खोया है लेकिन उसका जीवन अभी चुनाव का मुद्दा नहीं बन पाया. राज्य बनने के बाद हुए पहले चुनाव में जब वह वोट डालने आया था तो उसके पीछे उसकी घरवाली थी, दो बेटे थे और एक बहू थी. जिन रास्तों से वह वोट देने जाता था उसके अगल-बगल खूब हरे-भरे खेत थे. रास्ते में कई लोग मिलते थे जिनसे चुनावी चर्चा करते हुए वे बूथ तक पहुंचता था. बूथ कितने ही दूर हो वह सरकार चुनने हर बार पहुंचा.

जिस साल उसकी घरवाली पेड़ से गिरकर मरी वह उस साल भी वोट डालने आया था. हालांकि घरवाली के इलाज के लिए धक्के खाते वक्त उसने सोचा था इस बार साला किसी को वोट नहीं दूंगा. जंगल में तड़पती बीवी को उसने किसी तरह लोगों की मदद से सड़क पर पहुंचाया था. बांस के डंडों में बंधी कुर्सी पर बैठी उसकी घरवाली दर्द से खूब चीखी-चिल्लायी थी लेकिन चीखने-चिल्लाने से न रास्ता छोटा हुआ और न सड़क उसके पास आई थी. सड़क पर पहुंचकर उसने 108 एंबुलेंस को कई फोन किए थे लेकिन 108 तब आती जब उसमें तेल होता. किसी तरह टैक्सी बुक कर घरवाली को ओखलकांडा से हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया था.

इसे भी पढ़ें : मैं पहाड़ी हूं लेकिन गैरसैंण राजधानी का समर्थक नहीं

कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल में उस अभागी के ग्रुप का ब्लड तक नहीं मिला. किसी तरह निजी ब्लड बैंक से लाकर घरवाली को खून चढ़ाया था. खून चढ़ाने के बाद डॉक्टर ने कहा कि इनका इलाज यहां संभव नहीं है प्राइवेट में ले जाओ. बेचारा लेकर गया. दो खेत बेचकर एक हफ्ते ही प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवा पाया था. इसके बाद टूटी-फूटी बीवी को घर ले आया और रोज धीरे-धीरे मरते हुए देखता रहा. उस साल वोटिंग से कुछ दिन पहले ही उसकी बीवी मरी थी. घरवाली की चिता को आग लगाते हुए उसने सोचा था सड़क होती, अस्पताल होता तो उसकी बीवी बच जाती. वे अपने उन आखिरी दो खेतों के बारे में भी सोच रहा था जो बीवी के इलाज में बिक गए थे. (Column by Rajiv Pandey)

इसे भी पढ़ें : गांव के उन रास्तों पर अब कोई नहीं चलता

वह उस चुनाव में भी वोट देने आया था जब उसके बेटे और बहु उसे छोड़कर दिल्ली चले गए थे. बड़ी बहस हुई थी उसकी बेटे से लेकिन बेटा नहीं माना. उसने साफ-साफ कह दिया था बाबू इन खेतों के पीछे लगकर अब कोई फायदा नहीं. यहां बंदर और सुअरों से लड़कर मरने से बेहतर है दिल्ली में मजदूरी करेंगे. पूरा गांव इन बंदरों, सुअरों से लड़ते हुए खाली हो गया है. क्या आपको लगता है हमारा अकेला परिवार इनसे जीत पाएगा? अपने बाबू को समझाते हुए बेटे ने कहा था फिर आपके नाती को स्कूल भी तो भेजना है अगले साल से. यहां कहां पढ़ेगा? यहां स्कूलों में तो बैठने के लिए चटाई तक नहीं है आप पढ़ाई की सोचते हो? नाती के भविष्य के साथ वे भी खिलवाड़ नहीं चाहता था इसलिए मरे मन से जाने दिया था उसने बेटे के परिवार को.

वह उस साल भी वोट डालने आया था जब उसका छोटा बेटा डिग्री के लिए हल्द्वानी चला गया था. उसके पास इतने पैसे नहीं थे कि बेटे को पढ़ने के लिए हल्द्वानी भेज सके. उसने बेटे के सामने पास के ही डिग्री कॉलेज में पढ़ने का प्रस्ताव भी रखा था. तब बेटे ने बताया था बाबू यहां के कॉलेजों की हालत प्राइमरी स्कूलों से भी बदतर है. यहां पढ़ना न पढ़ना बराबर ही. तब उसने बेटे को बताया था इतने रुपये कहां से आएंगे. बेटे ने कहा था मैं खुद जुगाड़ लूंगा बाबू. उसका बेटा अब एक शॉपिंग मॉल में नौकरी करते हुए अपनी डिग्री की पढ़ाई कर रहा है. अब वह अकेला गांव में रहता है. इस बार वह अकेला ही वोट देने आएगा. (Column by Rajiv Pandey)

राजीव पांडे की फेसबुक वाल से, राजीव दैनिक हिन्दुस्तान, कुमाऊं के सम्पादक  हैं.

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें : Kafal Tree Online 

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

यह सिस्टम बचाता है स्विट्ज़रलैंड के पहाड़वासियों को आपदा से

एक ही समय में धराली और स्विट्ज़रलैंड में हिमस्खलन या भूस्खलन की घटनाएं हुईं, लेकिन…

19 hours ago

10 डिग्री की ठंड में फुटबॉल का जोश : फोटो निबन्ध

फुटबॉल के जुनून के सामने ठंड के मौसम में भी खिलाड़ियों ने मैदान में अपने…

20 hours ago

क्या हमें कभी मिलेंगे वो फल जो ट्रेल ने कुमाऊं में खाए?

आजकल पहाड़ को समझना समय को उल्टा पढ़ना हो गया है. पिछले कुछ वर्षों से…

20 hours ago

प्रबल प्रयास की चाह में सिडकुल और उपजी विषमता

पिछली कड़ी  : तिवारी मॉडल में पहाड़ की उद्योग नीति और पलायन राज्य अंर्तसंरचना एवम औद्योगिक विकास…

20 hours ago

बर्फ ही नहीं हरियाली भी गायब हो रही है हिमालयी इलाकों से

हिमालय को आमतौर पर बर्फ़, जंगल और हरियाली का प्रतीक माना जाता है, लेकिन एक…

7 days ago

उत्तराखंड क्रिकेट टीम से रचा इतिहास

उत्तराखंड क्रिकेट ने रविवार को एक नया इतिहास रच दिया. राज्य की टीम ने जमशेदपुर…

7 days ago