कॉलम

अर्बन नक्सली

अर्बन नक्सलियों के साथ एक तो यह बड़ी समस्या है कि ये अपने दिमाग से सोचते हैं. बूढ़े हो गए लेकिन अब भी किताब पढ़ेंगे. पता नहीं, अब कौन-सा कंपटीशन निकालना है.  तर्कबाजी करेंगे. अरे जो कहा जा रहा है, मान लो उसे. ज्यादा चार्वाक मत बनो. सही राष्ट्रवादी संस्कृति प्रवचन की है, आचमन की है. कान में मंत्र फूँकने की है. परस्पर विश्वास की है. गणेश जी को दूध पिला दिया पूरे देश में, पूरी दुनिया में ज्ञान-प्रसार का ऐसा अनुपम उदाहरण कोई बता दे हमें.

अब कोई संत प्रवचन में बता रहा है तक्षशिला बिहार में था, तो मान लो उसे. नहीं जी, ये कहेंगे पाकिस्तान में था. ये सब पाकिस्तान प्रेमी हैं.  साइंस के स्टूडेंट हैं, इतिहास पढ़ेंगे. इतिहास के स्टूडेंट हैं, साइंस की बात करेंगे. दिल्ली में हैं, नॉर्थ ईस्ट की बात करेंगे. हैदराबाद में हैं, कश्मीर की बात करेंगे. वेनेजुएला की भी खबर रखेंगे. अजब उलटा दिमाग चलता है इन अर्बन नक्सलियों का.

कुछ ज्यादा दिमाग हो गया है इनके पास. जो देश चला रहे हैं, उनके पास अकल नहीं है, सारा ज्ञान इनको ही हो गया है. सवाल उठाएंगे. चिल्लाएँगे कि सरमायेदारों को क्यों लूट मचाने दी जा रही है. शिक्षा, रोजगार, इंसाफ की बात छेड़ेंगे.
अबे, तुम्हें क्या लेना-देना चुप्पे बैठो अपने घर पे. तुम अनपढ़ नहीं, कमजोर नहीं, मज़लूम नहीं, कहीं लट्ठ बरस रहे हैं, बरसने दो. ज्यादा जी मचले तो कुछ अनुलोम-विलोम कर लो, लाफ्टर योगा कर लो. यहाँ धर्म खतरे में पड़ा हुआ है, दुनिया भर के भगवान मुसीबत में हैं. गौमाता के सम्मान में संघर्ष छिड़ा हुआ है. कहाँ धर्म-जात की रक्षा की बात, इन्हें आदिवासियों की जमीन जाती दिखने लगती है. विधर्मी, नास्तिक कहीं के.
(वैसे अर्बन नक्सली होता क्या है, किसे पता? मगर जो ये पकड़े गए हैं, वही अर्बन नक्सली हैं तो ये वाकई वैसे ही हैं, जैसा ऊपर बताया गया है.)

न तो ये मॉब लिंचिंग करते-कराते हैं, न अफवाह फैलाते हैं, न इनके घर बम पकड़े जाते हैं. न घूस लेते हैं, न बलात्कार करते हैं. दंगों में इनका कहीं नाम नहीं होता. पकड़ें तो पकड़ें किस आरोप में!
आज अखबार में एक तस्वीर छपी है किसी बूढ़े अर्बन नक्सली की. हवा में मुट्ठी लहरा रहा है और हँस रहा है. जैसे जेल से भी डर नहीं लग रहा उसको.
अब ऐसे अर्बन नक्सलियों का साहेब करें तो करें क्या?

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

View Comments

  • बहुत बढ़िया। ललित जी चाहे तो छोटा ही लिखें पर ज्यादा लिखिए।

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago