कथा

लोककथा : इजा! बस तीन पतली-सी रोटियाँ

बहुत पुरानी बात है. उस पहाड़ी गाँव में एक लड़की रहती थी. माँ के अलावा उसका इस दुनिया में कोई नहीं था. वह बहुत छोटी थी कि पिता चल बसे. चाचा-ताऊ थे नहीं और न भाई-बहन. माँ ने ही उसे पाल-पोसकर बड़ा किया. माँ दिन भर खेती और मजदूरी करती तब जाकर दो वक़्त का खाना नसीब होता था. कभी एक वक़्त के भोजन से ही संतोष करना पड़ता था. फिर भी दोनों अपने जीवन से खुश थे. (Kumaoni Folktale Teen Patlisi Rotiya)

जब लड़की बड़ी हुई तो उसके ब्याह की चिंता माँ को सताने लगी. गाँव के लोग भी उसकी शादी की चिंता करते— पिता का साया जो सर पर नहीं था. लड़की बहुत सुंदर थी तो गाँव वालों की वजह से उसके लिए अच्छे रिश्ते आने लगे. एक जगह बात ठहर भी गयी.

उसका रिश्ता दूर शहर के संपन्न परिवार में बंधा. धूमधाम से शादी हुई, गाँव के सभी लोगों ने सहयोग किया. सौरास में खाने-पीने की कोई कमी नहीं थी, दूध-दही की भी बहार थी. गाँव वाले ख़ुश होते कि एक पितृविहीन लड़की इतने अच्छे घर में ब्याही गयी. सभी कहते भाग हों तो ऐसे, वर्ना उस लड़की को अच्छा घर-बार मिलना मुश्किल है जिसके पिता न हों.

अब जैसा बाहर से दिखाई दिया वैसा भीतर भी हो ऐसा जरूरी नहीं. लड़की की सास बहुत दुष्ट थी. खाना बनाना, झाड़ू लगाना, बर्तन-कपड़े धोना सभी काम लड़की के सर पर थे. गाय, बछिया को सानी-पानी देना, उनका गोबर साफ करना, जंगल से घास-पात, लकड़ी लाना भी उसी को करना पड़ता था. फिर भी सास बोलने में लकड़ियाँ जैसी तोड़ती थी. ससुराल में वह दो मीठे बचन सुनने को तरस गयी. न उसे पेट भर खाने को मिलता था न पहनने को, खाने की जगह ताने थे. घर के सब लोगों के भोजन कर लेने के बाद सास तीन सूखी पतली रोटियाँ उसके आगे डाल देती. इन रोटियों के साथ नमक भी कभी ही नसीब होता. वह सब सहन करती, आख़िर कहाँ जाती, किस से कहती.

न्यौली चिड़िया से जुड़ी कुमाऊनी लोककथा

वक़्त बीता तो उसका मन हुआ कि अपनी माँ से मिल आये कभी. जब भी वह सास से अपने मायके, गाँव और माँ का जिक्र करती वह फनफनाकर दुत्कार देती. वह दुखी रहने लगी. उसकी व्यथा सुनने वाला तक कोई नहीं था. इन कष्टों और अकेलेपन की वजह से वह धीरे-धीरे बीमार रहने लगी. आखिर उसने चारपाई पकड़ ली.

जैसे-तैसे होते-जाते माँ को ख़बर मिली कि उसकी बेटी बीमार है, उस पर विपत्तियों का पहाड़ जैसा टूटा हुआ है. माँ अपनी बेटी की कुशल लेने चल पड़ी. जब वह लड़की के ससुराल पहुँची तो उसके हाल बुरे हो रखे थे. वह बिस्तर में ऐसी परहोश पड़ी थी कि अपनी माँ के आने की भी ख़बर नहीं लगी. माँ ने प्यार से उसके माथे पर हाथ फेरा और नाम पुकारा तो वह चौंक कर उठी. सामने माँ को देखकर उसके आँखे गधेरे जैसी बहने लगीं. वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही थी. बहुत ताकत लगा कर वह इतना ही बोल पायी— इजा! तीन पतली-से रोटियाँ. जैसी वह इतना ही कहने को बची होगी, बोलकर वह चल बसी. उसकी माँ रोती रह गयी.

अगले जनम में उसे एक तीतर की योनि मिली. वह पक्षी आज भी कातर स्वर में बोलता है तो ‘तीन पतली-सी रोटियाँ’ जैसा ही सुनाई देता है.    

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें: Kafal Tree Online

दुनिया की सबसे प्रभावशाली चीज : कुमाऊनी लोककथा

   

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

2 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

2 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

2 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

2 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

2 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

2 weeks ago