Featured

साइड लॉक्स!

‘साइड दे न भाई’

पीछे से आती आवाज़ में कोई हुड़क नहीं थी, हो सकती थी, पर फिर भी मैं बचे खुचे रस्ते में सिमटने लगा. साइड में चिपकते-चिपकते मेरे और साइड में लगी जालीदार रेलिंग के बीच बस इतनी जगह बची थी कि अगर शर्ट चेकदार न भी होती तो दूसरी तरफ से वैसी ही दिखती- जालीनुमा. (Side Locks Amit Srivastava)

साइड-साइड होते-होते मैं इतना अभ्यस्त हो चुका हूँ सड़क पार करने के लिए दाहिने-बाएं मुड़ना नहीं पड़ता. इतना अभ्यस्त कि नाली के ऊपर हवाई जहाज की तरह एक टांग इधर एक उधर फैलाए मीलों दौड़ सकता हूँ. इतना अभ्यस्त कि बिना टिकट देखे ही ट्रेन में चढ़ लपककर ‘साइड लोवर’ पर पसर जाता हूँ.

मैं इतनी साइड में हूँ कि लगता है कि अगर फिल्मों में होता तो सह-नायक होता, पतंगबाज़ी में होता तो छुड़इयाँ देने वाला और अगर क्रिकेट में होता तो नाइट वाचमैन या फिर हद से हद आउट होकर दुबारा जबरदस्ती फील्ड पर आने को बाध्य रनर. ये बात हालांकि दीगर है कि इस रनर की वजह से कभी बल्लेबाज रन आउट तो न ही होने पाता.

इसे भी पढ़ें : मशीन को मनुष्य बनाते मनुष्य (`वी वर हियर’ ऐज़ ‘ह्यूमंस इन द लूप’!)

कुल मिलाकर इतना साइड हो चुका हूँ कि अब तो पासपोर्ट साइज फोटो में भी दाहिनी या बाईं प्रोफ़ाइल दिखती है. मेरा तो मुंह ही इतना साइडफेसिंग हो चुका है कि लोग साइड लॉक्स को मूंछे समझ ले रहे हैं. इसीलिए मैंने तो मूंछो पर ताव देना बंद कर दिया है. वैसे भी साइड वालों को ताव नहीं घाव फबता है. हाँ बस वो आत्म पर न टिकाया गया हो.

आज इस साइड से उस साइड में आ गया. अब ये वाली साइड इतनी साइड में है कि लगता है किसी ने हल्का सा धक्का भी दिया तो पन्ने से बाहर न गिर जाऊँ.

इसे भी पढ़ें : सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर

इतने बरस ‘साइड सीइंग’ करते-करते आज अचानक ये बात सूझी है कि साइड का भी अपना एक ‘मध्य’ होता है. सेंटर लाइन. मेन स्ट्रीम. वैसे ही जैसे मुख्य मार्ग, मेन स्ट्रीम उर्फ राजमार्ग का अपना एक साइड होता है, बल्कि दो. राजमार्ग वाले साइड में पड़ने वाला बीच फील्ड में होते हुए भी साइडलाइन्ड सा फील करता है जबकि साइड वाले ‘मध्य’ को पकड़ने वाला होता तो टेक्निकली साइड में है पर डी फैक्टो फीलिंग मेन फील्ड की लेता है. इसका फील्ड लेकिन राजमार्गीय फील्ड के फील्ड से अलग रंग और नूर का होता है.

अंतर कुछ इस किस्म का है कि उसमें बिजली है तो इसमें बादल. उसमें तीली सी भरी हुई आग है तो इसमें जुगनू की साँस पर टिका बड़ा मद्धम दिप-दिप उजाला. वो सुर्ख, है रेशमी है, मलमली है तो ये स्याह-स्याह सलेटी है, दरदरा है, सादा-बोदा-लद्धड़ है. इतना बदरंग कि लोग इसकी बदहाली पर मिजाज़ पुर्सी को आते हैं, टेसुए बहाते हैं और इसी पर नाक रगड़ कर चले जाते हैं. ये ससुरा इतना घामड़ कि उन्हें दिलासा भी नहीं दे पाता कि उसकी बदरंगत मजबूरी नहीं चुनाव है.

लेकिन दरअसल मुख्य मुद्दा यानि मेनस्ट्रीम यानि बीचोंबीच की बात ये है कि, जो उधर हैं उनकी तो वही जानें लेकिन जो इधर हैं साइड में, उनकी अलमस्त आँखें अभ्यस्त हैं इस नीम रोशनी में रास्ते परख लेने की. उनके लटके हुए कान अभ्यस्त हैं सुन लेने में इस भयानक शोर के बीच भी ज़मीर पर पड़ती अपने अन्तस की ठक-ठक. उनके प्रकृतस्थ हाथ हर सम्भव उठे हुए रहते हैं उस पहले और आख़िरी उद्देश्य की पूर्ति की कामना में जिनके लिए वो हैं, वो ऐसे हैं और वो यहाँ साइड में हैं.

मैं इन अचानक सूझी हुई बातों को बुझाते हुए साइड में झटकता हूँ, शर्ट की बांह पर उभर रही जालियों को हथेलियों से झारता हूँ और साइड मांगने वाले से कहता हूँ—

‘चलती है गाड़ी उड़ती है धूल
गुलाब की खुशबू इन गोभी का फूल

कीप डिस्टेंस
ब्लो हॉर्न

आज नगद कल उधार
शुभ लाभ!

जगह मिलने पर पास दिया जाएगा! बच्चे!
जै हिन्द!’

पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक प्राचीन शहर जौनपुर में जन्मे अमित श्रीवास्तव भूमंडलीकृत भारत की उस पीढ़ी के लेखकों में शुमार हैं जो साहित्य की विधागत तोड़-फोड़ एवं नव-निर्माण में रचनारत है. गद्य एवं पद्य दोनों ही विधाओं में समान दख़ल रखने वाले अमित की अब तक छः किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं- बाहर मैं, मैं अंदर (कविता संग्रह), पहला दख़ल (संस्मरण) और गहन है यह अंधकारा (उपन्यास) , कोतवाल का हुक्का (कहानी संग्रह), कोविड ब्लूज और सिराज- ए-दिल जौनपुर. सम सामयिक राजनीति, अर्थ-व्यवस्था, समाज, खेल, संगीत,  इतिहास जैसे विषयों पर अनेक लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं/ ऑनलाइन पोर्टल पर प्रकाशित हैं. भाषा की रवानी, चुटीलेपन एवं साफ़गोई के लिए जाने जाते हैं. भारतीय पुलिस सेवा में हैं और फ़िलहाल उत्तराखंड के देहरादून में रहते हैं. 

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें: Kafal Tree Online

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

सोमेश्वर की बौरारो घाटी में बदलती खेती, सिमटती परंपराएँ और गाँवों की बदलती तस्वीर

पहाड़ की मिट्टी में कभी केवल अनाज नहीं उगता था, बल्कि पीढ़ियों का अनुभव, लोकगीतों…

2 days ago

पंतनगर की छांव में सुलगती जमीन: एक मजदूर आंदोलन की अनकही दास्तान

उत्तराखंड के शांत तराई अंचल में फैला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कभी…

1 week ago

डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया : प्रशासक से इतिहासकार तक

पिछली कड़ी : डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया: उत्तराखंड के इतिहास, समाज और अर्थव्यवस्था को समझने…

1 week ago

पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय : श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा शहर ने बीते दिन अपना एक ऐसा अनमोल व्यक्तित्व खो दिया है, जिसने अपनी…

2 weeks ago

दिवाली के मौके पर गाँव में बिताए पुराने पलों की याद

छूट जाता है सब-कुछ छूट जाता है सब-कुछ, पर घर छूटता नहीं... इस बात पर…

3 weeks ago

पंतनगर विश्वविद्यालय: हरित क्रांति की वह कहानी, जिस ने भारत के गाँवों की तस्वीर बदल दी

एक ऐतिहासिक यात्रा : कृषि, विज्ञान और किसानों के सपनों की कहानी (Pantnagar University Green…

3 weeks ago