Featured

सोमेश्वर की बौरारो घाटी में बदलती खेती, सिमटती परंपराएँ और गाँवों की बदलती तस्वीर

पहाड़ की मिट्टी में कभी केवल अनाज नहीं उगता था, बल्कि पीढ़ियों का अनुभव, लोकगीतों की गूँज और आपसी सहयोग की भावना भी पलती थी. आज उसी मिट्टी पर बदलते समय की एक नई तस्वीर उभर रही है.

बौरारो घाटी: प्रकृति की गोद में बसी एक समृद्ध कृषि संस्कृति

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद में स्थित सोमेश्वर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरी-भरी वादियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है. बौरारो घाटी के नाम से पहचाना जाने वाला यह क्षेत्र कभी अपनी कृषि परंपराओं और ग्रामीण जीवन की सहजता के लिए विशेष पहचान रखता था. यहाँ की मिट्टी, गाड़-गधेरे और प्राकृतिक जलस्रोत खेती के साथ-साथ यहाँ की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा रहे हैं.

एक समय था जब यहाँ के खेतों में धान और गेहूँ की फसलें लहलहाती थीं. परिवार के अधिकांश सदस्य कृषि कार्यों में भाग लेते थे. खेतों तक पानी पहुँचाने वाली नहरें, धान की रोपाई के समय गूँजते हुड़किया बोल और पड़ोसियों का एक-दूसरे के खेतों में सहयोग करना ग्रामीण जीवन की सामान्य तस्वीर हुआ करती थी.लेकिन समय के साथ इस तस्वीर में कई बदलाव आए हैं. आज जहाँ पहले कृषि गतिविधियों की चहल-पहल दिखाई देती थी, वहीं कई खेत खाली और  बंजर पड़े हैं. खेती के साथ-साथ गाँव की सामाजिक और आर्थिक संरचना भी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है.

गाड़-गधेरों की धार से सींची जाती थी उम्मीद

सोमेश्वर में परंपरागत रूप से खेती प्राकृतिक जलस्रोतों और उनसे जुड़ी पारंपरिक सिंचाई नहरों पर निर्भर रही है. गाड़-गधेरों से निकलने वाला पानी नहरों के माध्यम से खेतों तक पहुँचता था. इसी व्यवस्था के सहारे किसान धान जैसी अधिक पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती करते थे. लेकिन बाढ़ जैसी घटनाओं ने इस पारंपरिक सिंचाई व्यवस्था को प्रभावित किया. कई स्थानों पर नहरें क्षतिग्रस्त हो गईं और खेतों तक पानी पहुँचाने में कठिनाई होने लगी. इसका सीधा प्रभाव धान की खेती पर पड़ा. जहाँ पहले सिंचाई की सुविधा के कारण बड़े स्तर पर धान की रोपाई होती थी, वहीं अब पानी की अनिश्चित उपलब्धता के कारण किसानों के लिए ऐसी खेती करना कठिन होता जा रहा है.

बीजों में सहेजी गई थी पहाड़ की पहचान

सोमेश्वर की कृषि विरासत में पारंपरिक धान की अनेक किस्मों का विशेष स्थान रहा है. सफेद धान, सफेद जमालि, दुधिया, थपचिनी, चैना, लाल धान, 420 धान, साव धान और बासमती जैसी किस्मों के नाम स्थानीय कृषि परंपरा में सुनने को मिलते हैं.

इनमें थपचिनी और चैना जैसी किस्में पहाड़ी कृषि परंपरा से जुड़ी रही हैं. लाल धान अपने विशिष्ट रंग के कारण पहचाना जाता है, जबकि बासमती अपनी सुगंध और लंबे दानों के लिए प्रसिद्ध है. सफेद जमालि और दुधिया जैसे नाम स्थानीय स्तर पर प्रचलित सफेद धान की पहचान को दर्शाते हैं.

इसे भी पढ़ें : पंतनगर की छांव में सुलगती जमीन: एक मजदूर आंदोलन की अनकही दास्तान

ये पारंपरिक बीज केवल फसल उगाने का साधन नहीं थे, बल्कि किसानों के अनुभव और पीढ़ियों से संजोए गए कृषि ज्ञान की धरोहर थे. आज बदलती कृषि परिस्थितियों और सीमित खेती के कारण कई पारंपरिक किस्मों का प्रचलन कम हुआ है. ऐसे में स्थानीय बीजों का संरक्षण कृषि के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए भी जरूरी है.

हुड़के की थाप और हुड़किया बोलों से गूँजते खेत

सोमेश्वर की कृषि संस्कृति की सबसे खूबसूरत तस्वीर धान की रोपाई के समय दिखाई देती थी. खेतों में पानी भरा होता, महिलाएँ कतारों में धान की पौध लगातीं और उनके साथ हुड़का बजाते हुए एक व्यक्ति पारंपरिक गीत गाता. इन गीतों को हुड़किया बोल कहा जाता है.

हुड़के की थाप पर महिलाएँ एक लय में रोपाई करती थीं. गीतों से कठिन श्रम भी आनंदमय बन जाता था और खेतों में उत्सव जैसा वातावरण बनता था. यह परंपरा खेती के साथ-साथ पहाड़ की लोकसंस्कृति और सामूहिक जीवन की पहचान भी थी.

आज हुड़किया बोल पहले की तुलना में कम सुनाई देते हैं. फिर भी यह परंपरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. सोमेश्वर और आसपास के कुछ स्थानों पर आज भी धान की रोपाई के दौरान हुड़के की थाप सुनाई देती है. यह इस बात का प्रमाण है कि पहाड़ की सांस्कृतिक स्मृतियाँ आज भी जीवित हैं.

सामूहिक श्रम से बढ़ती मजदूरी तक

पहले गाँव में खेती केवल एक परिवार का काम नहीं होती थी. रोपाई, निराई और कटाई के समय पड़ोसी परिवार एक-दूसरे के खेतों में सहयोग करते थे. एक परिवार के खेत में काम होता, तो दूसरे परिवार के लोग मदद के लिए पहुँचते और फिर दूसरे परिवार की बारी आने पर वही सहयोग लौटाया जाता था. इस व्यवस्था से खेती का काम आसानी से पूरा हो जाता था और मजदूरों पर निर्भरता भी कम रहती थी. यह केवल श्रम का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और भाईचारे का प्रतीक था. आज पलायन और बदलती जीवनशैली के कारण सामूहिक श्रम की यह परंपरा कमजोर हुई है. गाँवों में कृषि कार्य करने वाले लोगों की संख्या कम होने से किसानों को मजदूर लगाने पड़ते हैं. इससे खेती की लागत और आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है.

पलायन और जंगली जानवरों ने बदली खेतों की तस्वीर

शिक्षा और रोजगार की तलाश में युवाओं का शहरों की ओर जाना सोमेश्वर के ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आया है. पहले परिवार के अधिकांश सदस्य खेती से जुड़े रहते थे, लेकिन अब गाँवों में कृषि कार्य करने वाले हाथ कम होते जा रहे हैं.

इसके साथ ही बंदरों , सुअरो और भालुओं जैसे जंगली जानवरों से फसलों को होने वाला नुकसान किसानों की एक बड़ी चिंता है. महीनों की मेहनत के बाद तैयार फसल सुरक्षित न रह पाने से किसानों का उत्साह प्रभावित होता है. सिंचाई की कमी, मजदूरी का खर्च और फसलों की सुरक्षा जैसी चुनौतियाँ पारंपरिक खेती को कठिन बना रही हैं.

खेतों से थाली तक बदलती पहचान

सोमेश्वर की कृषि संस्कृति यहाँ के पारंपरिक खान-पान में भी दिखाई देती है. भट्ट के डुबके यहाँ के प्रसिद्ध पहाड़ी व्यंजनों में से एक हैं. इन्हें काले भट्ट को पीसकर और स्थानीय मसालों के साथ पकाकर तैयार किया जाता है. प्रायः इन्हें चावल के साथ परोसा जाता है.

मंडुवा, झंगोरा और अन्य स्थानीय अनाज भी यहाँ की पारंपरिक भोजन संस्कृति का हिस्सा रहे हैं. लेकिन सिंचाई की सीमित उपलब्धता के कारण अब किसान कम सिंचाई या वर्षा आधारित परिस्थितियों में उपयुक्त फसलों की ओर भी ध्यान दे रहे हैं. मंडुवा, ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज तथा भट्ट जैसी दलहनी फसलें इस बदलाव में महत्वपूर्ण विकल्प बन रही हैं.

यह बदलाव स्थानीय कृषि विविधता को बनाए रखने और पारंपरिक पहाड़ी भोजन को महत्व देने का अवसर भी प्रदान करता है.

खेती से रोजगार तक: बदलती ग्रामीण अर्थव्यवस्था

पहले सोमेश्वर के अनेक परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार खेती हुआ करती थी. खेतों में पैदा होने वाला धान और गेहूँ परिवार की भोजन संबंधी जरूरतों को पूरा करता था. अच्छी उपज होने पर अतिरिक्त अनाज भी परिवार की आर्थिक आवश्यकताओं में सहायक होता था.

आज रोजगार और शिक्षा के लिए शहरों की ओर बढ़ते पलायन के कारण अनेक परिवारों की आय का आधार खेती से हटकर नौकरी और अन्य व्यवसायों की ओर बढ़ा है. खेती कई परिवारों में अब सीमित उत्पादन या घरेलू उपयोग तक सिमटती जा रही है. इस तरह खेतों की बदलती स्थिति के साथ गाँव की आर्थिक संरचना भी बदल रही है.

विरासत को सहेजकर भविष्य की ओर

सोमेश्वर की कहानी केवल बीते समय की यादों तक सीमित नहीं होनी चाहिए. यहाँ की पारंपरिक सिंचाई व्यवस्था को पुनर्जीवित करना, स्थानीय बीजों को संरक्षित करना, कम सिंचाई वाली फसलों को बढ़ावा देना और युवाओं को कृषि आधारित रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है.

इसके साथ ही हुड़किया बोल, पारंपरिक व्यंजन और सामूहिक श्रम जैसी सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाना भी जरूरी है. आधुनिक तकनीक और स्थानीय ज्ञान का मेल सोमेश्वर की खेती को नई दिशा दे सकता है.

इसे भी पढ़ें : पंतनगर विश्वविद्यालय: हरित क्रांति की वह कहानी, जिस ने भारत के गाँवों की तस्वीर बदल दी

आज भले ही बौरारो घाटी के हर खेत में पहले जैसी चहल-पहल न हो, लेकिन इसकी मिट्टी में पुरानी समृद्धि की स्मृतियाँ अब भी जीवित हैं. कहीं किसी खेत में धान की रोपाई होती है, कहीं भट्ट के डुबके की खुशबू पहाड़ी स्वाद को बनाए रखती है और कहीं हुड़के की थाप पुराने दिनों की याद दिलाती है.

सोमेश्वर की असली पहचान केवल उसके हरे-भरे खेतों में नहीं, बल्कि उन खेतों से जुड़ी संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक जीवन में बसती है. इस विरासत को सहेजना ही बदलते समय में बौरार घाटी को उसकी पहचान से जोड़े रखने का सबसे सुंदर प्रयास होगा.

निधि पाण्डेय गोविन्द बल्लभ पंत यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, पंतनगर के कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस के डिपार्टमेंट ऑफ रिसोर्स मैनेजमेंट एंड कंज्यूमर साइंसेज बीएससी ऑनर्स में अंतिम वर्ष की  छात्रा हैं.

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें: Kafal Tree Online

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

पंतनगर की छांव में सुलगती जमीन: एक मजदूर आंदोलन की अनकही दास्तान

उत्तराखंड के शांत तराई अंचल में फैला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कभी…

1 week ago

डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया : प्रशासक से इतिहासकार तक

पिछली कड़ी : डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया: उत्तराखंड के इतिहास, समाज और अर्थव्यवस्था को समझने…

1 week ago

पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय : श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा शहर ने बीते दिन अपना एक ऐसा अनमोल व्यक्तित्व खो दिया है, जिसने अपनी…

1 week ago

दिवाली के मौके पर गाँव में बिताए पुराने पलों की याद

छूट जाता है सब-कुछ छूट जाता है सब-कुछ, पर घर छूटता नहीं... इस बात पर…

3 weeks ago

पंतनगर विश्वविद्यालय: हरित क्रांति की वह कहानी, जिस ने भारत के गाँवों की तस्वीर बदल दी

एक ऐतिहासिक यात्रा : कृषि, विज्ञान और किसानों के सपनों की कहानी (Pantnagar University Green…

3 weeks ago

मशीन को मनुष्य बनाते मनुष्य (`वी वर हियर’ ऐज़ ‘ह्यूमंस इन द लूप’!)

मनुष्य होने का मतलब क्या है? एआई से पूछें? लगता तो ऐसा ही है कि…

3 weeks ago