Featured

धराली से सातताल का एक आसान और सुरम्य हिमालयी ट्रैक

उत्तरकाशी गंगोत्री रोड पर गंगोत्री से 21 किमी पहले एक छोटा सा पहाड़ी गाँव है धराली. धराली उत्तरकाशी-गंगोत्री हाइवे के दोनों तरफ बसा हुआ है. धराली अपने अप्रतिम प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए विश्वविख्यात हरसिल से गंगोत्री की तरफ मात्र 3 किमी आगे है. हरसिल, जिसे राज कपूर की सुपरहिट फिल्म राम तेरी गंगा मैली के फिल्मांकन के लिए भी पहचाना जाता है. हरसिल और धराली दोनों ही लगभग 2600 मीटर की ऊंचाई पर बसे हैं.

धराली गंगोत्री यात्रा का छोटा सा व्यावसायिक पड़ाव भी है. यहाँ पर सड़क के दोनों तरफ रहने खाने के कई किफायती होटल और रेस्टोरेंट हैं. यात्रा सीजन में हरसिल में एक रात गुजारना धराली से 3 से 4 गुना तक महंगा है, इसी वजह से कम बजट वाले सैलानी धराली में शरण पाते हैं.

खैर, धराली भागीरथी नदी के तट पर बसा है और यहाँ पर शिव का विख्यात मंदिर है —कल्पकेदार. गंगोत्री आने वाले पर्यटक हरसिल की सैर का मोह नहीं त्याग पाते. हरसिल और धराली दोनों ही भागीरथी के तट पर बसे होने के साथ-साथ देवदार के घने जंगल और नयनाभिराम पहाड़ी झरनों से भी सजे-धजे हैं, समूचा परिवेश किसी पेंटिंग का हिस्सा होने का आभास देता है. इस पूरे इलाके में आप चारों तरफ झरनों का संगीत सुनते हुए चलते हैं.

फोटो: सुधीर कुमार

धराली से ही एक छोटा सा पैदल रास्ता सातताल के लिए जाता है. इस इलाके में आने वाले पर्यटकों में से ज्यादातर की दिलचस्पी सातताल में नहीं होती. कहते हैं कि सातताल सात छोटी पड़ोसी झीलों का क्षेत्र है. लेकिन यहाँ चार झीलें आसानी से देखीं जा सकती हैं, इनमें से एक सूखकर घास के मैदान में तब्दील हो चुकी हैं और शेष जल्द हो जायेंगी. ग्लेशियर के पानी के साथ आने वाली मिट्टी, गाद व लकड़ियाँ-पत्तियां झील के तल व सतह पर जमा होती जा रही है और इसकी सफाई व रखरखाव में किसी की कोई दिलचस्पी नहीं है.

फोटो: सुधीर कुमार

शेष 3 झीलों के बारे में स्थानीय ग्रामीण भी कुछ संतोषजनक नहीं बता पाते. हो सकता है अन्य 3 झीलें ट्री लाइन के ऊपर दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में हों या वे भी सूख गयी हों. अगर आप बड़ी झीलों से मिलने की उम्मीद पाले सातताल जायें तो निराशा हाथ लग सकती है. देवदार के नीरव जंगल में पंछियों का कलरव, सुरम्य झरने की कलकल के हमसफ़र बनकर सातताल पहुंचना इस सफ़र का हासिल है.

धराली से एक ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ता सातताल के लिए जाता है. अगर आप कोशिश करें तो पगडण्डी पर बढ़ने से पहले किसी पहाड़ी कुत्ते को अपने साथ चलने के लिए राजी कर सकते हैं. सफ़र का यह दोस्त इस रास्ते पर मिलने वाले बाघ और भालुओं से आपको आगाह कर सकता है. करीब डेढ़ किलोमीटर तक गाँव आपके साथ चलता है, हिमालय की पृष्ठभूमि में सेब के सुन्दर बागान और पत्थरों की ढलवां छत वाले लकड़ी के घरों में बसा गाँव. ये घर अपनी बनावट में कश्मीर, लद्दाख और लाहौल स्पिति क्षेत्र के घरों से काफी मिलते हैं. सेब के बागानों में आलू और राजमा की खेती गाँववासियों की आजीविका का हिस्सा हैं. हरसिल की राजमा विश्वविख्यात है. गाँव की सीमा के बाद भी आपको इक्का-दुक्का घर दूसरी झील के पास तक मिलते रहते हैं.

रास्ते चलते मिलने वाले ग्रामीणों से आप दिल खोलकर बात करके स्थानीय जनजीवन की जानकारी पा सकते हैं. सफ़र की शुरुआत से ही एक पानी का झरना पगडण्डी के दाएं-बाएं पहाड़ी से नीचे उतरता है. इसी झरने का सिरा आपको पहले, दूसरे, तीसरे तालाब तक लेकर जाता है. ग्लेशियर और भूमिगत जलधाराओं से लबालब झीलों का ओवरफ्लो ही इस झरने का उद्गम है. जैव विविधता से भरे इस रमणीक क्षेत्र में ढेरों चिड़िया, जंगली फूल, वनस्पतियाँ पायी जाती हैं. देवदार के घने जंगल से घिरे इस इलाके में भोजपत्र के पेड़ भी मौजूद हैं.

इस रास्ते पर 3 किमी चलने पर आपको पहली छोटी झील मिलती है, एक किमी आगे दूसरी और तीसरी झील. तीसरी झील गाद-मिट्टी से पटकर खूबसूरत घास के मैदान में तब्दील हो चुकी है. तीसरी झील से 100 मीटर की दूरी पर ही थोड़ा ऊंचाई पर चौथी झील मौजूद है. इसके बाद आगे रास्ता साफ़ नहीं है.

फोटो: सुधीर कुमार

थोड़ा ऊंचाई पर निगाह डालने पर आपको ट्री लाइन ख़त्म होती दिखती है, जिसके बाद है बर्फ से ढंका हिमालय. इससे आगे जाने के लिए अब तक साथ चलते आ रहे झरने के सहारे रास्ते को टटोलकर ही चलना मुमकिन है. सातताल के इस रास्ते में किसी भी पड़ाव पर आप सुस्ताकर प्रकृति से एकाकार हो सकते हैं. इस रास्ते पर चलते हुए 2600 मीटर से 3000 मीटर की ऊंचाई तक आसानी से पहुंचा जा सकता है, वक़्त और हौसला हो तो इससे आगे की गुंजाइश बनी रहती है.

-सुधीर कुमार

वाट्सएप में पोस्ट पाने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें: Kafal Tree Online

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

इस बदलते मौसम में दो पहाड़ी रेसिपी

पहाड़ों में मौसम का बदलना जीवन की गति को भी बदल देता है. सर्दियों की…

12 hours ago

अल्मोड़े की लखौरी मिर्च

उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक संपदा, पारंपरिक खेती और लोक संस्कृति के लिए जाना जाता है. पहाड़…

13 hours ago

एक गुरु की मूर्खता

केरल की मिट्टी में कुछ तो है, या शायद वहाँ की हवा में, जो मलयालियों…

24 hours ago

अगर आपके घर में बढ़ते बच्चे हैं तो जरूर पढ़ें एकलव्य प्रकाशन की किताबें

अगर आपके घर में बढ़ते बच्चे हैं, तो उनके भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी केवल…

1 day ago

प्रेम में ‘अपर्णा’ होना

हिमालय की गोद में राजा हिमवान और रानी मेना के यहाँ जन्मी पार्वती बचपन से…

1 day ago

यह सिस्टम बचाता है स्विट्ज़रलैंड के पहाड़वासियों को आपदा से

एक ही समय में धराली और स्विट्ज़रलैंड में हिमस्खलन या भूस्खलन की घटनाएं हुईं, लेकिन…

3 days ago