Featured

रिंगाल आधारित शिल्प : उत्तराखण्ड का एक परम्परागत कुटीर उद्योग

उत्तराखण्ड की पर्वतीय संस्कृति में प्रकृति और मनुष्य के बीच गहरा और आत्मीय संबंध दिखाई देता है. यहां का लोकजीवन सदियों से स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित रहा है. इन्हीं संसाधनों में रिंगाल का विशेष स्थान है, जिसने न केवल ग्रामीण जीवन की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति की, बल्कि अनेक परिवारों की आजीविका का आधार बनकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ किया. उत्तराखण्ड के परम्परागत हस्तशिल्प उद्योगों में रिंगाल शिल्प एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है. यह केवल एक कुटीर उद्योग नहीं, बल्कि हिमालयी समाज की जीवन-पद्धति, लोकज्ञान, सांस्कृतिक परम्परा और पर्यावरणीय चेतना का सजीव प्रतीक है.

रिंगाल हिमालयी क्षेत्र में पाया जाने वाला बांस कुल का एक पौधा है, जो उत्तराखण्ड के पर्वतीय अंचलों में प्राकृतिक रूप से उगता है. सामान्यतः यह लघु हिमालयी क्षेत्र में लगभग 2000 से 2500 मीटर की ऊंचाई के मध्य पाया जाता है, हालांकि कई स्थानों पर यह इससे अधिक ऊंचाई पर भी विकसित होता है. अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उत्पन्न रिंगाल को अधिक मजबूत, लचीला और टिकाऊ माना जाता है. इसकी लंबाई प्रायः तीन से चार मीटर तक होती है और इसकी पतली तथा लचीली संरचना इसे हस्तशिल्प निर्माण के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती है. हिमालय की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों ने रिंगाल को यहां के लोकजीवन का अभिन्न अंग बना दिया है.

उत्तराखण्ड के बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी तथा अल्मोड़ा जनपदों में रिंगाल आधारित हस्तशिल्प की समृद्ध परम्परा देखने को मिलती है. विशेष रूप से बागेश्वर जनपद के दानपुर क्षेत्र,चमोली के जोशीमठ, घाट, देवाल और थराली विकासखण्डों तथा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में अनेक ग्रामीण परिवार आज भी इस शिल्प से जुड़े हुए हैं. एक समय ऐसा था जब पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और पशुपालन ही आजीविका के प्रमुख साधन थे. उस दौर में रिंगाल से निर्मित वस्तुएं ग्रामीण जीवन की अनिवार्य आवश्यकता थीं. परिणामस्वरूप रिंगाल शिल्पियों की संख्या भी काफी अधिक थी और यह शिल्प स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार माना जाता था.

पर्वतीय कृषि व्यवस्था में रिंगाल का उपयोग अत्यंत व्यापक रहा है. खेती-बाड़ी के अनेक उपकरण और सहायक सामग्री रिंगाल से तैयार की जाती थीं. फसलों की मड़ाई के लिए प्रयुक्त मोस्टा अथवा चटाई,अनाज रखने की डलिया, खाद, घास और लकड़ी ढोने के लिए डोका, अनाज फटकने के लिए सूप तथा घरेलू उपयोग की विभिन्न टोकरियां रिंगाल से बनाई जाती थीं. पर्वतीय क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में इन वस्तुओं का विशेष महत्व था क्योंकि ये हल्की, मजबूत और टिकाऊ होती थीं. इस प्रकार रिंगाल केवल एक वन उत्पाद नहीं था, बल्कि पर्वतीय कृषि प्रणाली और ग्रामीण जीवन का आधारभूत संसाधन था.

रिंगाल शिल्प से जुड़े पारम्परिक कारीगर स्थानीय समाज में ‘रुड़िया’ नाम से जाने जाते हैं. इन शिल्पियों के पास रिंगाल के चयन, कटाई, प्रसंस्करण और बुनाई की विशिष्ट पारम्परिक तकनीकों का ज्ञान पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होता रहा है. वे बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के अपने परिवार और समुदाय के अनुभवों से यह कला सीखते हैं. उनके हाथों की कुशलता और कलात्मक दृष्टि साधारण रिंगाल को उपयोगी और आकर्षक वस्तुओं में परिवर्तित कर देती है. यही कारण है कि रिंगाल शिल्प को केवल हस्तकला नहीं, बल्कि एक जीवंत लोकपरम्परा के रूप में देखा जाता है.

रिंगाल से निर्मित वस्तुओं की विविधता इसकी सबसे बड़ी विशेषता है. ग्रामीण जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप शिल्पी मोस्टा, चटाई, सूप, डलिया, टोकरी, चुंगर, डोका, मछली पकड़ने के जाल, नवजात शिशुओं के झूले, रोटी रखने की टोकरी तथा अन्य अनेक घरेलू उपयोग की वस्तुएं तैयार करते रहे हैं. इन उत्पादों का संबंध केवल उपयोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन से भी जुड़ा रहा है. पर्व-त्योहारों, विवाह संस्कारों तथा धार्मिक अनुष्ठानों में भी रिंगाल से बनी वस्तुओं का उपयोग किया जाता रहा है. इस प्रकार रिंगाल शिल्प ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक परम्पराओं को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

अतीत में रिंगाल उत्पादों का विपणन भी स्थानीय स्तर पर ही होता था. शिल्पी गांव-गांव घूमकर अपनी वस्तुएं बेचते थे अथवा विभिन्न मेलों और हाटों में उन्हें प्रदर्शित करते थे. उत्तरायणी मेला, नन्दा देवी मेला, गौचर मेला तथा क्षेत्रीय बाजार रिंगाल उत्पादों की बिक्री के प्रमुख केंद्र हुआ करते थे. कई बार वस्तु विनिमय की परम्परा के तहत शिल्पियों को उनके उत्पादों के बदले अनाज अथवा अन्य आवश्यक वस्तुएं प्राप्त होती थीं. इससे यह स्पष्ट होता है कि रिंगाल शिल्प केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग था.

समय के साथ उत्तराखण्ड के सामाजिक और आर्थिक परिवेश में व्यापक परिवर्तन हुए हैं. कृषि आधारित जीवनशैली में कमी, रोजगार के नए अवसरों की उपलब्धता, शिक्षा का विस्तार तथा बढ़ते पलायन ने पारम्परिक शिल्पों को प्रभावित किया है. आधुनिक जीवन में प्लास्टिक, स्टील और अन्य औद्योगिक उत्पादों के बढ़ते उपयोग के कारण रिंगाल से बनी पारम्परिक वस्तुओं की मांग कम होने लगी. परिणामस्वरूप अनेक शिल्पियों ने यह व्यवसाय छोड़ दिया और नई पीढ़ी का झुकाव भी अन्य रोजगारों की ओर बढ़ने लगा. इससे रिंगाल शिल्प उद्योग के समक्ष अस्तित्व का संकट उत्पन्न हुआ.

इसके बावजूद हाल के वर्षों में पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता और प्राकृतिक उत्पादों की मांग ने रिंगाल शिल्प को पुनः नई संभावनाएं प्रदान की हैं. प्लास्टिक प्रदूषण के विरुद्ध चल रहे वैश्विक अभियानों के कारण हस्तनिर्मित और जैव-अवक्रमणीय उत्पादों की लोकप्रियता बढ़ी है. इस बदलते परिदृश्य को देखते हुए उत्तराखण्ड के शिल्पियों ने भी अपने उत्पादों में नवाचार प्रारम्भ किया है. अब वे केवल पारम्परिक उपयोग की वस्तुओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप सजावटी और कलात्मक उत्पाद भी तैयार कर रहे हैं. लैम्प शेड, टेबल लैम्प, पेन स्टैंड, फूलदान, उपहार टोकरी, फल रखने की कण्डी, चारधाम प्रसाद कण्डी, गृह सज्जा की सामग्री तथा अन्य आकर्षक उत्पाद आज बाजार में लोकप्रिय हो रहे हैं. इन वस्तुओं को देश-विदेश के पर्यटक भी पसंद कर रहे हैं, जिससे शिल्पियों की आय में वृद्धि हो रही है.

रिंगाल शिल्प के संरक्षण और विकास के लिए विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा भी प्रयास किए जा रहे हैं. उत्तराखण्ड खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, नाबार्ड, राष्ट्रीय बांस मिशन तथा अन्य संस्थाएं शिल्पियों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन सहयोग प्रदान कर रही हैं. ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्रों में आधुनिक डिजाइन, उत्पाद विविधीकरण और उद्यमिता विकास के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. महिला स्वयं सहायता समूहों को भी रिंगाल आधारित गतिविधियों से जोड़कर ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कई सामाजिक संस्थाएं स्थानीय स्तर पर उत्पाद निर्माण और विपणन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.

पर्यटन उद्योग के विस्तार ने भी रिंगाल शिल्प के लिए नए अवसर पैदा किए हैं. उत्तराखण्ड में आने वाले पर्यटक स्थानीय संस्कृति और परम्पराओं से जुड़े हस्तनिर्मित उत्पादों को स्मृति-चिह्न के रूप में खरीदना पसंद करते हैं. चारधाम यात्रा मार्ग, प्रमुख पर्यटन स्थल और हस्तशिल्प मेले रिंगाल उत्पादों के लिए महत्वपूर्ण बाजार बनकर उभरे हैं. यदि इस शिल्प को पर्यटन विकास योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए, तो यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन सकता है.

रिंगाल शिल्प का महत्व केवल आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. रिंगाल एक नवीकरणीय प्राकृतिक संसाधन है जो अपेक्षाकृत कम समय में पुनः विकसित हो जाता है. इससे बने उत्पाद पूर्णतः जैव-अवक्रमणीय होते हैं और पर्यावरण को किसी प्रकार की हानि नहीं पहुंचाते. इसके अतिरिक्त रिंगाल की झाड़ियां पर्वतीय ढलानों पर मृदा संरक्षण, जल संचयन तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होती हैं. इसलिए रिंगाल आधारित उद्योग को सतत विकास और हरित अर्थव्यवस्था की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा सकता है.

वास्तव में रिंगाल शिल्प उद्योग उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, पारम्परिक ज्ञान और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्त प्रतीक है. यह हिमालयी समाज की उस रचनात्मकता का परिचायक है जिसने प्रकृति के संसाधनों का उपयोग करते हुए जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति की और साथ ही पर्यावरण के साथ संतुलन भी बनाए रखा. 

आज आवश्यकता इस बात की है कि इस अमूल्य धरोहर को आधुनिक तकनीक, नवाचार, प्रभावी विपणन और पर्यटन से जोड़कर नई पीढ़ी के लिए आकर्षक बनाया जाए. यदि ऐसा किया जाता है तो रिंगाल शिल्प न केवल उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आत्मनिर्भरता और सतत विकास का महत्वपूर्ण आधार भी बनेगा. इस दृष्टि से रिंगाल शिल्प उद्योग केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी एक जीवंत और प्रासंगिक परम्परा है.

नोट : उत्तराखण्ड का भूगोल, लेखक – चन्द्रशेखर तिवारी की पुस्तक से उद्धृत किये गये विवरण पर आधारित आलेख.

चंद्रशेखर तिवारी. 

पहाड़ की लोककला संस्कृति और समाज के अध्येता और लेखक चंद्रशेखर तिवारी दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र, 21,परेड ग्राउण्ड, देहरादून में रिसर्च एसोसियेट के पद पर कार्यरत हैं.

इसे भी पढ़ें: परम्परागत घराट उद्योग

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

हरेला: प्रकृति, परंपरा और विज्ञान का अद्भुत संगम

हर साल पर्यावरण संरक्षण के नाम पर लाखों पौधे लगाए जाते हैं. तस्वीरें खिंचती हैं, अभियान…

2 days ago

हरेले के रंग में पहाड़ : फोटो निबन्ध

आज उत्तराखंड का लोक पर्व हरेला है जो हरियाली और प्रकृति से जुड़ा है. हरेले…

2 days ago

अब हल्द्वानी में पहाड़ी उत्पादों के सबसे विश्वसनीय ब्रांड ‘मुनस्यारी हाउस’ की शुरुआत

आपको मुनस्यारी की दुर्लभ राजमा कि तलाश है या फिर कुमाऊं-गढ़वाल के उच्च हिमालयी क्षेत्रों…

5 days ago

खड़कमाफी के जीवन में एक दशक से विचरते एकदंत गजराज

खड़कमाफी के जंगलों और आबादी के बीच पिछले लगभग एक दशक से एक परिचित छाया…

5 days ago

क्या उत्तराखंड, पारिस्थितिक वहन क्षमता को लागू कर सकता है?

हाल ही में मेरी उत्तराखंड यात्रा, हरिद्वार, मसूरी, देहरादून और टिहरी, ने मुझे यह गहरा एहसास कराया कि…

3 weeks ago

कानिया के प्रेम में दीवानी सुबनी : लोककथा

रात ढलते ही जब सुबनी और लाली दोनों बहनें पानी भरने के लिए गाँव के…

1 month ago