कला साहित्य

अपने को और मीठा और चिपचिपा बना रहा है नैनीताल

हरीशचन्द्र पाण्डे

उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जिले के सदीगाँव में दिसंबर 1952 में जन्मे हरीशचन्द्र पाण्डे (Harish Chandra Pande) आजीविका के लिए भारतीय लेखा विभाग के महालेखाकार कार्यालय, इलाहाबाद में कार्य करते रहे. उनके सबसे महत्वपूर्ण कविता संग्रहों में ‘कुछ भी मिथ्या नहीं है’, ‘एक बुरुंश कहीं खिलता है’ और ‘भूमिकाएं ख़त्म नहीं होतीं’ प्रमुख हैं.

उनकी रचनाओं का अंग्रेज़ी के अलावा अनेक भारतीय भाषाओं में हुआ है. अपनी संवेदनशील कविता और सादगी भरी शैली के लिए जाने जाने वाले हरीशचन्द्र पाण्डे अनेक सम्मानों से नवाज़े जा चुके हैं.

उनकी कविता ‘नैनीताल’ इस मायने में अनूठी है कि वह एक पर्यटक नगरी को देखने का अलग और मानवीय कोण प्रस्तुत करती हैं. ऊबे हुए पर्यटक, नेपाल से आये कुली, भागे हुए लड़के और सांवली लड़कियां भी उसी नैनीताल का हिस्सा हैं जिसकी लकदक में सब कुछ सिर्फ चमकीला दिखाई देता है.

 

नैनीताल
-हरीशचन्द्र पाण्डे

लड़के रिजल्ट देखने के बाद
नहीं लौटते अपने गांव

बूढ़े ‘साथी’ थक कर लौट जाते हैं नेपाल
और अपने जवान बेटों को भेज देते हैं

हर खूबसूरत शहर को ऐसे ही ताज़े खुरदुरे पांवों की
दरकार होती है

लड़के होटलों के कमरे दिखा रहे हैं साहबों को
उन्हें सैर पर निकलता देख बाथरूमों में घुस जाते हैं
बाल संवारते हैं, हल्के खांसते हुए कालर और बेल्ट ठीक
करते हैं
और परिचितों से बचने की भरपूर कोशिश करते हैं

साथी
शहर के स्नायुतंत्र में रुधिर कणों की तरह दौड़ रहे हैं

वे जिनके पास ऊबने के लिए समय है जीवन में
ऊबने से बचने के लिए भी समय निकाल रहे हैं
और इस वक़्त
अपने बच्चों के लिए घोड़े तय कर रहे हैं
वे जिनके पास ऊबने के लिए समय नहीं है
घोड़ों की लीद निकालने के बाद
अब उनके अयालों पर कंघा फेर रहे हैं

पहाड़ की जड़ से टैक्सियां चींटियों सदृश चढ़ रही हैं
और शहर अपने को
और मीठा और चिपचिपा बना रहा है

सांझ जलतरंग सी बज रही है
सारे वाक्पटु
अपनी कलाओं की बारीकी और प्रजातांत्रिक वक्तव्यों के साथ
झील में उतर गए हैं
झील और पोषे हुए मरुस्थल के बीच
बैंड की धुनों पर लोग थिरक रहे हैं
जो लोग एक अंतराल के बाद आये हैं
वे कैप्टन रामसिंह के बैण्ड को रह-रह कर याद कर रहे हैं

इस वक़्त जब एक सांवली लड़की
अपने सांवलेपन पर झुंझला रही है
भागे हुए लड़के
सबसे ऊपरी मंजिल की खिड़की से
झील का बांकापन निहार रहे हैं
वे सामने शेरवुड, विश्वविद्यालय और गवर्नर हाउस की ओर
नज़रें उठा रहे हैं
उनके सिर के ठीक ऊपर बिड़ला कॉलेज है

उनकी आँखों में कुछ पालदार सपने डोल रहे हैं

ऊबे हुए लोगों को देख रहे हैं पिसे हुए लोग
ऊबे हुए लोग जल्दी से जल्दी छोड़ देना चाहते हैं शहर
सारे मनोरंजमों के बाद
अब वे सिंके हुए भुट्टों पर टूट पड़े हैं

बादल गड़गड़ा रहे हैं
साठो लोग घर के लिए चिठ्ठियाँ लिखवा रहे हैं
भागे हुए लड़के
जल्दी से देख लेना चाहते हैं अपना-अपना हिसाब
और सांवली लड़कियां
अपनी त्वचा का रंग
झील की सतह से फिर मिलाने लगी हैं …

[वाट्सएप में काफल ट्री की पोस्ट पाने के लिये यहाँ क्लिक करें. वाट्सएप काफल ट्री]

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

कुमाऊँ की विलुप्त होती जन्माष्टमी पट्ट-चित्र परम्परा

कुमाऊँ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल भगवान कृष्ण के जन्म का धार्मिक पर्व नहीं रही है,…

5 days ago

बद्रीदत्त पांडे और इंद्र सिंह नयाल ने रखा था ‘उत्तराखंड राज्य की संकल्पना’ का वैचारिक आधार

पिछली कड़ी : पहले समाज बदलो, राज्य अपने आप सार्थक हो जाएगा : इंद्र सिंह नयाल इन्द्र…

1 week ago

आकर्षक कलेवर में आंचलिक परिवेश की किताब “टुकड़ा-टुकड़ा जिंदगी”

पूरी तरह आंचलिक परिवेश में तैयार, "टुकड़ा टुकड़ा जिंदगी" वरिष्ठ इतिहासकार डॉ निर्मल जोशी की नव प्रकाशित…

1 week ago

भूख न तीस न डर न फिकर छ्, मुट्ट बोटीं छन कसीं कमर छ्

ये सितंबर 1994 की सुबह थी जब खटीमा में पूर्व सैनिकों का जुलूस निकल रहा था. पूर्व…

1 week ago

उत्तराखण्ड के सरोवर

उत्तराखण्ड को सामान्यतः हिमालय, नदियों, झरनों और जलधाराओं की भूमि के रूप में जाना जाता है. किंतु…

1 week ago

दौड़ता अल्मोड़ा : फ़ोटो निबंध

पिछले 3 सालों से अल्मोड़ा के कुछ जागरूक युवा अल्मोड़ा मानसून मैराथन का आयोजन कर रहे हैं,जिसमें…

1 week ago