Featured

असल आवाज का जादू नकलची नहीं समझेंगे

असल आवाज का जादू नकलची नहीं समझेंगे
-राहुल पाण्डेय

कुछ साल पहले अयोध्या में एक शायद कभी न बनने वाली फिल्म के लिए ऑडिशन ले रहा था. कला की गर्मी में उबलते लोगों की कतार लगी थी, पर हम ठंडे होते जा रहे थे. बात यह थी कि गाने वाले सारे के सारे लोग किसी न किसी की आवाज की नकल कर रहे थे. अपनी नकली आवाज से वे एक प्रसिद्ध पर बेहूदे और नकलची सूफी गायक के आसपास पहुंचने की कोशिश में लगे थे. यह नकल हमारे सपनों पर तेजाब फैला रही थी. हमने तीन-चार दिन तक ऑडिशन लिया, मगर क्या मजाल कि एक भी ओरिजनल आवाज हम तक पहुंच पाती. उस ऑडिशन में गिरी से गिरी हालत में भी लगभग दो दर्जन लोगों ने गाया, लेकिन हमें कुछ नहीं सुनाई दिया.

तंग आकर हमने कैमरे के लेंस पर ढक्कन लगा दिया. हमें कोई आशा नहीं थी कि नकल का जो ढक्कन गवैया बनने के नए ख्वाहिशमंदों ने अपनी आवाज पर लगा रखा है, उससे हमें कोई मदद मिल पाएगी. फिर कई दिनों तक उन गवैयों का फोन आता रहा, और मैं समझाता रहा कि नकल से कुछ नहीं होने वाला. अभी कुछ दिन पहले फैज अहमद फैज की गजल ‘दोनों जहान तेरी मोहब्बत में हार के’ के लिए फिर आवाज की तलाश शुरू हुई. इसमें कोई दो राय नहीं कि फैज को चाहने वाले जितने अपने देश में हैं, उतने दुनिया के किसी दूसरे देश में नहीं. लेकिन बात जब आवाज की आई तो मैं फिर अपने देश से हार गया. कोई मेंहदी हसन बनता है तो कोई गुलाम अली. अपवादों को छोड़ दें, तो इस मामले में भी अपने यहां के नकलचियों ने नाक कटा रखी है.

हारकर मैं सीधे पाकिस्तान पहुंचा, जहां एक बंद अंधेरे कमरे में फैज को उसी हद तक गुनती एक आवाज मिली, जिसके आसपास ही कहीं मोहब्बत गुलजार होती है. आवाज शायद सिंध की थी और लहजा नात का था. उस आवाज की मोहब्बत में मैं कुछ यूं मुब्तिला हुआ कि अभी तक उसे खुद से चिपकाए हुए हूं. न सिर्फ खुद से, बल्कि अपने यहां की गुलाबबाड़ी से भी इसे चिपका दिया. बगैर किसी साज के आती उस आवाज के ऊपर मैंने अयोध्या-फैजाबाद के चित्र चस्पां किए और वाया इंटरनेट वापस उसे पाकिस्तान पहुंचा दिया. ऐबटाबाद की लुबना और कराची की नूर बेगम इनबॉक्स में उतर आईं. उनका चिपकाया सुर्ख लाल रंग का दिल मेरे इनबॉक्स में हमेशा महफूज रहेगा. और फैसलाबाद में उन मौलवी साहब की दुआ भी, जो हमारी गुलाबबाड़ी देखकर बरबस निकल बैठी होगी- ‘अल्लाह ताला आपको हर नजर बद से महफूज रखे.’ यह असल आवाज का जादू था. नकलची नहीं समझेंगे.

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

4 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

4 weeks ago