पानी

गौला नदी: नैनीताल जिले की जीवनरेखा

उत्तराखण्ड के कुमाऊँ मंडल की हल्द्वानी तहसील की सबसे बड़ी नदी है गौला. नैनीताल जिले के खासे भूभाग की सिंचाई और पेयजल के लिए पानी गौला से ही प्राप्त होता है. यह कहना गलत न होगा कि एक बड़े क्षेत्र की बसासत गौला के भरोसे ही बसी हुई है.

गौला नदी का उद्गम स्थल विकासखण्ड ओखलकांडा में पहाड़पानी के करीब भीड़ापानी की एक घाटी से होता है. आगे चलकर गंगोलीगाड़ से यह गौला कही जाती है. आगे गौला नदी जमराड़ी, पैटना, कराल, खजूरी, ईजर, खनस्यूं, कालीगाड़, बबियाड़ आदि गावों से होती हुई हैड़ाखान, पहुँचती है.

हैड़ाखान में कलशागाड़ की जलधारा आकर गौला में मिल जाती है. कलशागाड़ मोरनौला के पास से एक गधेरे के रूप में निकलकर पदमपुरी, चांफी, मलुआताल होता हुआ, कई छोटी-बड़ी जलधाराओं को समाहित कर यहाँ पहुँचता है.

इसके बाद गौला नदी जमरानी के करीब से होती हुई रानीबाग पहुँचती है. रानीबाग में नैनीताल से आने वाला बलियानाला रास्ते के कई जलप्रपातों को समाहित करता हुआ गौला से मिलता है.

काठगोदाम में गौला नदी पर बनाया गया बैराज हल्द्वानी और आसपास के गांवों की सिंचाई और पेयजल की व्यवस्था करता है. इसके बाद गौला नदी हल्द्वानी, लालकुँआ होती हुई किच्छा पहुंचकर विलीन हो जाती है.

बरसाती जलधाराएं गौला में सबसे बड़ा सहयोग करती हैं, इसलिए गौला में बरसात व बरसात बाद के जलस्तर में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है. गर्मियां आते-आते यह हल्द्वानी के आस-पास ही विलीन हो जाती है. बरसात में यह प्रचंड वेग के साथ बहती हुई किच्छा तक जा पहुंचती है. इस तरह गौला लगभग 500 किमी का सफ़र तय करती है. गर्मियों में रेत पर विलीन हो जाने वाली गौला बरसातों में अपने प्रचंड वेग से स्थानीय आबादी को भयभीत कर देती है.

गौला नदी इस समूचे इलाके के पेयजल और सिंचाई व्यवस्था की आपूर्ति तो करती ही है, इसका उर्वर तट स्थानीय आबादी का पर्यटन स्थल भी है.

गौला नदी की गोद में मिलने वाले रेता-बजरी और पत्थर इसे बेशकीमती उपखनिज का स्रोत भी बनाते हैं. इस वजह से यह इलाके के लिए सोने की खान का भी काम करती है. गौला का रेता-बजरी सर्वोत्तम माना जाता है, जिसकी मांग दूर-दूर तक है.

गौला नदी को हिन्दू धर्म में काफी महत्त्व का माना जाता है. स्कन्द पुराण के मानस खण्ड में पुष्पभद्रा नाम से गौला का उल्लेख मिलता है. चित्रशिला घाट, रानीबाग में गौला नदी के तट पर कई तरह के धार्मिक क्रियाकलाप संपन्न होते हैं.         

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago