Featured

‘बधाई हो’ : गम्भीर परिस्थितियों से उपजी सरल कॉमेडी

बॉलीवुड में गम्भीर विषयों पर बनी ‘सिचुएशनल कॉमेडी’ फिल्मों में ‘पड़ोसन’, ‘चुपके चुपके’, ‘गोलमाल’, ‘जाने भी दो यारो’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘हेराफेरी’ जैसी फिल्मों को प्रमुखता से याद किया जाता है. 19 अक्टूबर 2018 को रिलीज हुई ‘बधाई हो’ फ़िल्म भी इसी ‘जॉनर’ की फ़िल्म है. जीतू और बबली 50 साल की उम्र पार कर चुके एक अधेड़ दम्पत्ति हैं. अचानक पता चलता है कि उनके घर पर ‘नन्हा मेहमान’ आने वाला है. दोनों का बड़ा लड़का एक नौकरीपेशा 24-25 युवक है जो अपनी शादी के लिए लड़की की माँ से मिल रहा है और छोटा बेटा बारहवीं के एक्जाम की तैयारी में जुटा हुआ है. इस गम्भीर परिस्थिति में सबसे बड़ी मुसीबत आ पड़ती है बबली पर, क्योंकि उसे घर पर हमेशा झिकझिक करने वाली अपनी बुढ़िया सास को भी झेलना है और नाते-रिश्तेदार-पड़ोसियों के तानों को भी. कवि हृदय जीतू रेलवे में टीटीई है जो इन जटिल परिस्थितियों में परिवार को तनाव से बचाकर रखने में जुट जाता है.

‘विक्की डोनर’, ‘दम लगाके हइसा’, ‘बरेली की बर्फी’ जैसी कई ऑफबीट फिल्मों में दमदार अभिनय से खुद को स्थापित कर चुके आयुष्मान खुराना ने इस फ़िल्म में भी जीतू के बड़े बेटे नकुल कौशिक के रोल को बड़ी ‘परफेक्शन’ के साथ निभाया है. अजीबोग़रीब हालत में फंसे एक बेटे और प्रेमी के मनोभावों को आयुष्मान खुराना ने अपने सशक्त अभिनय से जीवन्त किया है. नीना गुप्ता और सुरेखा सीकरी जैसी वरिष्ठ अभिनेत्रियों ने मध्यवर्गीय परिवार की बहू और सास के बीच के नोंकझोंक भरे रिश्ते को बहुत सहजता से निभाया है. जीतू के रूप में गजराज राव का काम भी काबिलेतारीफ़ है. इसके अलावा छोटे और महत्वपूर्ण चरित्रों में सान्या मल्होत्रा और शीबा चड्ढा का काम भी देखने लायक है. पूरी फ़िल्म की ‘कास्टिंग’ बहुत अच्छी है, हर चरित्र अपने आप में परिपूर्ण नजर आता है.

इस ‘सिचुएशनल कॉमेडी’ में अच्छी स्क्रिप्ट और जोरदार अभिनय के साथ जो चीज प्रभावित करती है वह है दिल्ली की ठेठ हरियाणवी मिश्रित भाषा. सुनने में बशर्ते फ़िल्म का विषय थोड़ा आपत्तिजनक लग रहा है, लेकिन फ़िल्म देखने पर कहीं पर भी यह अहसास नहीं होता है कि हम किसी गम्भीर विषय पर बनी फिल्म देख रहे हैं. फ़िल्म में हास्य और भावुकता प्रधान दृश्यों का बहुत अच्छा संतुलन है. भारतीय मध्यमवर्गीय परिवार में सास-बहू, माँ-बेटा, दादी-नाती और गली-मोहल्ले के दोस्तों के बीच खटास और मिठास भरे रिश्तों की महीन बुनावट का सजीव प्रस्तुतिकरण भी फ़िल्म का मजबूत पक्ष है.

अधेड़ उम्र में प्यार और बच्चे पैदा करना एक ऐसा मुद्दा है जिस पर हमारे समाज में खुलकर बात करना भी बहुत मुश्किल है. ऐसे विषय पर एक संतुलित फ़िल्म बनाना बहुत जोखिम का काम है, और ये रिस्क लिया है निर्देशक अमित शर्मा और लेखक अक्षत घिल्डियाल ने. गम्भीर विषय पर फूहड़ता और भद्दे डायलॉग से हटकर एक हल्की-फुल्की पारिवारिक फ़िल्म देखने का मन हो तो इस हफ्ते रिलीज हुई फ़िल्म ‘बधाई हो’ देखने जरूर जाएं.

 

हेम पंत मूलतः पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं. वर्तमान में रुद्रपुर में कार्यरत हैं. हेम पंत उत्तराखंड में सांस्कृतिक चेतना  फैलाने  का कार्य कर रहे  ‘क्रियेटिव उत्तराखंड’ के एक सक्रिय सदस्य हैं .  

 

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Girish Lohani

Recent Posts

कानिया के प्रेम में दीवानी सुबनी : लोककथा

रात ढलते ही जब सुबनी और लाली दोनों बहनें पानी भरने के लिए गाँव के…

5 days ago

चीड़ की छाल को कलाकृतियों का रूप दे रहा एक कलाकार

चीड़ के जंगल उत्तराखण्ड के कुमाऊं व गढ़वाल क्षेत्र में 900 से 1500 मीटर की ऊंचाई पर बहुतायत में पाये…

5 days ago

मेरी यादों का पहाड़ : एक बहुआयामी किताब

2013 सन् में नेशनल बुक ट्रस्ट ने देवेन्द्र मेवाड़ी की किताब 'मेरी यादों का पहाड़' छापकर सराहनीय…

5 days ago

पहाड़ की पुकार जो खींच ले गई मुझे

नौ साल बाद पिथौरागढ़ जा रहा था. पिछले कुछ वर्षों में जब भी छुट्टी मिली, बेटी…

1 week ago

‘मनिला डांडे की देवी मां आज बहुत उदास है

देवी मां उदास है परन्तु परलोक गया पुत्र आज भी यादों में आकर उसको हिम्मत…

1 week ago

सोशियल इकोनॉमी ऑफ हिमालय : हिमालय की सामाजिक अर्थव्यवस्था का आरंभिक अकादमिक अध्ययन

पिछली कड़ी : उत्तराखंड राज्य की अवधारणा किसी एक नेता या आंदोलन से नहीं बनी…

2 weeks ago