Featured

अपना आकाश : संघर्ष, संवेदना और हकीकत की ज़मीन पर खड़ी एक प्रेरक दास्तान

प्रसार भारती के Waves OTT पर 20 नवंबर को रिलीज़ हुई फिल्म ‘अपना आकाश’ एक ऐसे युवा की कहानी है, जो तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने सपनों का पीछा करना नहीं छोड़ता. लेकिन यह सिर्फ किसी लड़के के सफल होने की कहानी नहीं है. यह गरीबी, बचपन की परेशानियाँ, परिवारिक माहौल, पारिवारिक टूटन, सामाजिक चुनौतियों और शिक्षा के ज़रिए बदलाव की एक संजीदा तस्वीर है.

कहानी के केंद्र में पहाड़ के एक गरीब परिवार का होनहार लड़का बबलू है. माँ के न होने से बच्चों के बचपन में जो खालीपन और असुरक्षा आती है, उसे फिल्म ने बहुत सहजता से दिखाया है. शराबी पिता की मारपीट और रोज का तनावपूर्ण माहौल उसे घर छोड़ने के लिए मजबूर कर देते है. पहाड़ से मैदान के शहर तक का उसका सफर आसान नही होता लेकिन कई मुश्किलों के बावजूद वह पढ़ाई जारी रखता है. फिल्म की अच्छी बात यह है कि यह बबलू के संघर्ष को किसी बड़े फिल्मी ड्रामे में नहीं बदलती. यहां सब कुछ बहुत सामान्य ढंग से घटता है, ठीक वैसे ही जैसे हमारे आसपास की जिंदगी में होता है. यही इसकी सबसे बड़ी ताकत भी है.

फिल्म देखते हुए बार-बार यह बात सामने आती है कि किसी बच्चे का भविष्य सिर्फ उसकी प्रतिभा से तय नहीं होता. उसके घर का माहौल, परिवार की परिस्थितियां, समाज और शिक्षा व्यवस्था भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं. कई बार एक बच्चे को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ मेहनत नहीं, बल्कि सही समय पर किसी की गाइडेंस और थोड़े से सहारे की भी जरूरत होती है.

फिल्म के निर्माता और निर्देशक उदय पन्त पूर्व Indian Civil Accounts Service अधिकारी हैं और विदेश मंत्रालय में Additional Secretary के पद से रिटायर्ड हैं. लेखक, कवि और डॉक्यूमेंट्री व शॉर्ट फिल्म निर्माता के रूप में उनका अनुभव इस फिल्म में दिखाई देता है. उन्होंने कहानी को जिस संवेदनशीलता और समझ के साथ प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है. फिल्म के कुछ गीतों को उन्होंने अपनी आवाज भी दी है, जो कहानी के भावों के साथ अच्छी तरह जुड़ते हैं.

बबलू के किरदार में रोहित अग्रवाल ने संघर्ष और संकोच को सहजता से उभारा है. पिता की भूमिका मेंप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे ने कठोरता और समय के साथ शराब छोड़ने के बदलाव को विश्वसनीय बनाया है. चारु बिष्ट ने शानदार अभिनय किया है, वहीं सीनियर बबलू यानी आकाश की भूमिका में कुणाल पन्त ने अपने परिपक्व अभिनय से कहानी को आगे बढ़ाया है. 

फिल्म की शूटिंग अल्मोड़ा और रुद्रपुर के आसपास की गयी है. इस फिल्म को स्थानीय रंगकर्मियों की मौजूदगी ने और भी जीवंत बना दिया है. रुद्रपुर शहर मे थिएटर से जुड़े मदन मोहन बिष्ट, डॉ. अपर्णा सिंह,सुनील पन्त, संदीप सिंह, डॉ. ललित मोहन उप्रेती, हेम पन्त, आबिद सिद्दीकी, अनुग्रह अग्निहोत्री तथा विजय कुमार आदि ने अपने सहज और प्रभावशाली अभिनय से अपने-अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है. फिल्म में शकील रेहान खान की सिनेमैटोग्राफी का काम भी उल्लेखनीय है. बेहतरीन लाइटिंग और सधे हुए कैमरावर्क द्वारा पहाड़ की जिंदगी, कठिन परिवेश और शहर में संघर्ष के दृश्य कैमरे के जरिए अच्छे ढंग से सामने आते हैं.

कुल मिलाकर, अपना आकाश कोई ऐसी फिल्म नहीं है जो आपको बड़े-बड़े संवादों या चमत्कारिक घटनाओं से प्रभावित करने की कोशिश करे. यह एक सीधी-सादी कहानी के जरिए परिवार, समाज, शिक्षा और व्यवस्थागत सुधारों से जुडे जरूरी सवाल उठाती है. साथ ही यह भरोसा भी देती है कि मुश्किल हालात में भी रास्ते निकल सकते हैं, बशर्ते इंसान कोशिश करना न छोड़े. अगर आप शोर-शराबे और मसालेदार मनोरंजन से थोड़ा अलग, एक संवेदनशील और जमीन से जुड़ी कहानी देखना चाहते हैं, तो Waves OTT पर यह फिल्म निशुल्क देखी जा सकती है.

आगामी 7 और 8 दिसम्बर को Delhi Public School रुद्रपुर के ऑडिटोरियम मे आयोजित किए जा रहे उत्तराखण्ड फिल्म महोत्सव के दौरान भी अपना आकाश को बड़े पर्दे पर देखा जा सकता है.  OTT पर कैसे देखें:

प्रसार भारती के Waves OTT को इस्तेमाल करना बेहद आसान है. आप इसे मोबाइल, स्मार्ट टीवी या वेब ब्राउज़र पर कुछ ही चरणों में चला सकते हैं:

  • ऐप या वेबसाइट खोलें: अपने फ़ोन या स्मार्ट टीवी के ऐप स्टोर से Waves ऐप डाउनलोड करें, या कंप्यूटर/फ़ोन के ब्राउज़र में इसकी आधिकारिक वेबसाइट खोलें.
  • लॉगिन करें: अपने मोबाइल नंबर या ईमेल के ज़रिए अकाउंट बनाएं और ओटीपी (OTP) डालकर लॉगिन करें.
  • देखना शुरू करें: मनचाहे कंटेंट पर क्लिक करें और बिना किसी जटिलता के देखना शुरू करें.


सुनील पन्त

रुद्रपुर में रहने वाले सुनील पन्त रंगकर्म तथा साहित्य की दुनिया से लम्बे समय से जुड़े हुए हैं. हमें भविष्य में इस सक्रिय युवा से बहुत सारे लेखों की प्रतीक्षा है.   

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

साइड लॉक्स!

'साइड दे न भाई' पीछे से आती आवाज़ में कोई हुड़क नहीं थी, हो सकती…

2 hours ago

सोमेश्वर की बौरारो घाटी में बदलती खेती, सिमटती परंपराएँ और गाँवों की बदलती तस्वीर

पहाड़ की मिट्टी में कभी केवल अनाज नहीं उगता था, बल्कि पीढ़ियों का अनुभव, लोकगीतों…

2 days ago

पंतनगर की छांव में सुलगती जमीन: एक मजदूर आंदोलन की अनकही दास्तान

उत्तराखंड के शांत तराई अंचल में फैला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कभी…

1 week ago

डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया : प्रशासक से इतिहासकार तक

पिछली कड़ी : डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया: उत्तराखंड के इतिहास, समाज और अर्थव्यवस्था को समझने…

1 week ago

पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय : श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा शहर ने बीते दिन अपना एक ऐसा अनमोल व्यक्तित्व खो दिया है, जिसने अपनी…

2 weeks ago

दिवाली के मौके पर गाँव में बिताए पुराने पलों की याद

छूट जाता है सब-कुछ छूट जाता है सब-कुछ, पर घर छूटता नहीं... इस बात पर…

3 weeks ago