Featured

रिटायरमेंट के बाद कमरे में सोएं, यही चाहते हैं बस

बहुत कुछ घुमड़ रहा था उसकी आँखों में. आँखों में देखकर बातें नहीं कर रहा था वो. सामने मेज पर पर एल आई सी का टेबल कैलेण्डर था. उसकी तरफ शायद जून था. जून का एक चित्र था. चित्र में एक परिवार था. परिवार के पीछे एक घर था.

-क्यों चाहिए भाई जीपीएफ
– सर मकान बिलकुल गिरने को हो गया है मरम्मत करानी है
– हां, लेकिन तीन बार पहले भी ले चुके हो
– हां सर एक बहिन थी और दो बेटियां. उनकी शादी की ज़िम्मेदारी थी सर.
– देखो जीपीएफ रिटायरमेंट के बाद काम आता है. अब साल ही कितने रह गए हैं नौकरी के
– ….
– कहाँ-कहाँ रहे नौकरी में
– पूरा यू पी देख लिए सर. उधर आपके साइड से सुरु किये थे नौकरी बनारस रहे, गोरखपुर, बलिया, गोंडा, गाजियाबाद सब जगह…
– खूब घूम लिया … हैं?
– हां सर सब जगह… सर अजयोध्या जी में जब मंदिर-मस्जिद हुआ था तब वहीं रहे सर… उधर डैकेतों के टाइम बीहड़ में, मुरादाबाद बहुत समय रहे सर…बहुत दंगा फसाद
– भागम-भाग ही रहती है पीएसी में… क्यों?
-सर नौकरी ने बिस्वनाथ जी के दर्शन करा दिए माता बिंध्याचल, कड़े माणिक, बद्री-केदार धाम सब! सर सबके दर्शन हुए…
– सर मकान बिलकुल गिरने को हो गया है मरम्मत करानी है
हां, लेकिन तीन बार पहले भी ले चुके हो
हां सर एक बहिन थी और दो बेटियां. उनकी शादी की ज़िम्मेदारी थी सर.
देखो जीपीएफ रिटायरमेंट के बाद काम आता है. अब साल ही कितने रह गए हैं नौकरी के

राम सदन ने दोनों हाथ जोड़ लिए

– हूँ… कितने साल की हो गई नौकरी
– सर तैंतीस-चौंतीस साल तो हो ही गए होंगे
– अच्छा एक बात बताओ पूरी नौकरी में पीएसी तो घूमती रहती है यहाँ- वहां फिर परिवार…
– परिवार तो वहीं चम्पावत में है सर..
– मैं देख रहा था, हर साल छुट्टी भी नहीं ली है फिर घर कैसे देखते हो
– घर ही तो सर नहीं…
– अच्छा, कौन-कौन है परिवार में
– परिवार सर… बड़े लड़के को फालिज मार दिया था सर बचपन में तब गोंडा तैनाती थी. इलिक्सन के चलते छुट्टी बंदी थी. फिर जब तक छुट्टी लेकर पहुंचे… तब तक…. घरवाली भी ऐसे ही सर… बिना इलाज के… गाँठ हो गई थी… मुझे बताया ही बहुत लेट घरेलू इलाज करती रही… बताती भी कब? दो बेटियां थीं सर शादी कर दी. अब तो बस एक लड़का… उसके लक्छन भी ठीक नहीं थे. ईजा के जाने के बाद तो बिलकुल ही… अब चाचा के पास सूरत भेज दिया है

थोड़ी देर मौन रहे दोनों.

– अच्छा मैं ये सैंक्शन कर रहा हूँ और कुछ मदद चाहिए तो बता देना
– पूरी ज़िन्दगी खानाबदोश रहे सर. टेंट में बिता दी ज़िन्दगी. सर रिटायरमेंट के बाद कमरे में सोएं यही चाहते हैं बस और कुछ नहीं …

उसने नज़रें वापस कैलेण्डर पर टिका दीं. उसकी आँखे कांप रही थीं … साहब की कलम. बाहर शायद बारिश होने वाली थी.

अमित श्रीवास्तव. उत्तराखण्ड के पुलिस महकमे में काम करने वाले वाले अमित श्रीवास्तव फिलहाल हल्द्वानी में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं.  6 जुलाई 1978 को जौनपुर में जन्मे अमित के गद्य की शैली की रवानगी बेहद आधुनिक और प्रयोगधर्मी है. उनकी दो किताबें प्रकाशित हैं – बाहर मैं … मैं अन्दर (कविता) और पहला दखल (संस्मरण) . 

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

View Comments

  • Thankless job शायद यही होता है सर। बीमा करने गया था तब देखा था बैरेक। टेंट एन सी सी के समय देखा है। सही बयान है।

  • वाह। बहुत भावुक वर्णन किया है एक PAC के जवान की जिंदगी का। आमतौर पर किसी को उनके बारे में सोचने की फुर्सत नहीं होती।

Recent Posts

सोमेश्वर की बौरारो घाटी में बदलती खेती, सिमटती परंपराएँ और गाँवों की बदलती तस्वीर

पहाड़ की मिट्टी में कभी केवल अनाज नहीं उगता था, बल्कि पीढ़ियों का अनुभव, लोकगीतों…

11 hours ago

पंतनगर की छांव में सुलगती जमीन: एक मजदूर आंदोलन की अनकही दास्तान

उत्तराखंड के शांत तराई अंचल में फैला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कभी…

1 week ago

डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया : प्रशासक से इतिहासकार तक

पिछली कड़ी : डॉ. रघुनन्दन सिंह टोलिया: उत्तराखंड के इतिहास, समाज और अर्थव्यवस्था को समझने…

1 week ago

पहाड़ की धरती पर बदलाव का स्वप्न देखने और उसे साकार करने वाले डॉ. ललित पाण्डेय : श्रद्धांजलि

अल्मोड़ा शहर ने बीते दिन अपना एक ऐसा अनमोल व्यक्तित्व खो दिया है, जिसने अपनी…

1 week ago

दिवाली के मौके पर गाँव में बिताए पुराने पलों की याद

छूट जाता है सब-कुछ छूट जाता है सब-कुछ, पर घर छूटता नहीं... इस बात पर…

3 weeks ago

पंतनगर विश्वविद्यालय: हरित क्रांति की वह कहानी, जिस ने भारत के गाँवों की तस्वीर बदल दी

एक ऐतिहासिक यात्रा : कृषि, विज्ञान और किसानों के सपनों की कहानी (Pantnagar University Green…

3 weeks ago