Featured

विष्णु खरे: बिगाड़ के डर से ईमान का सौदा नहीं किया

विष्णु जी नहीं रहे. हिंदी साहित्य संसार ने एक ऐसा बौद्धिक खो दिया, जिसने ‘बिगाड़ के डर से ईमान’ की बात कहने से कभी भी परहेज़ नहीं किया. झूठ के घटाटोप से घिरी हमारी दुनिया में ऐसे लोग बहुत कम रह गए हैं. निर्मम आलोचना की यह धार बगैर गहरी पक्षधरता और ईमानदारी के सम्भव नहीं हो सकती थी.

बनाव और मुँहदेखी उनकी ज़िंदगी से ख़ारिज थे. चुनौतियों का सामना वे हमेशा सामने से करते थे. अडिग-अविचल प्रतिबद्धता, धर्मनिरपेक्ष-प्रगतिशील-जनवादी दृष्टि और विभिन्न मोर्चों पर संघर्ष करने का अप्रतिम साहस हमारे लिए उनकी विरासत का एक हिस्सा है.

गद्य में कविता सम्भव करने की जो अनूठी कला रघुवीर सहाय ने विकसित की थी, विष्णु जी उसे अगले मक़ाम तक ले गए. निरी गद्यात्मक होती जाती दुनिया में गड़कर अपनी समकालीन कविता सम्भव करने का कठिन काम उन्होंने सम्भव किया. वे अपनी लम्बी कविताओं के सहारे गहरी बेचैनी की दुनिया पाठक के लिए खोलते हैं, मुक्तिबोध उनके प्रिय कवि यों ही न थे. तमाम मिथकों और कथाओं को काव्य के रसायन में घोलकर वे आधुनातन कर सकने की सिफ़त रखने वाले अनूठे कवि थे.

नई पीढ़ी के बहुतेरे कवियों ने विष्णु खरे से सीखा. ‘ख़ुद अपनी आँख से’, ‘सबकी आवाज़ के परदे में’, ‘पिछला बाकी’, ‘लालटेन जलाना’, ‘पाठांतर’ और ‘काल और अवधी के दरम्यान’ जैसे संग्रह हमेशा ही नई ज़मीन तोड़ने वाले इस कवि को हमारे बीच ज़िंदा रखेंगे. उन्हीं के शब्दों में: ‘हमें बिखेरना होगा उनके आईनों में से/ गिरता मायावी प्रकाश/ उनकी प्रसिद्ध राजधानियों को/ अपनी भाषा के प्रक्षेपास्त्रों से उजाड़ना होगा’.
वे विश्व और भारतीय कविता के बीच जीवंत पुल थे. जर्मन कवियों की कविताओं का उनका अनुवाद ‘हम चीख़ते क्यों नहीं’ उनके उत्कृष्ट अनुवाद का नमूना ही नहीं, उनके चयन के मानकों को भी दिखाता है. इलियट, चेस्वाव मिवोश, अत्तिला योजेफ और बिस्लावा शिंबोर्सका जैसे कवि उनकी मार्फ़त हिंदी पाठकों तक पहुँचे. इन दिनों संभवत: वे मुक्तिबोध के अनुवाद में मुब्तला थे. अनुवाद की मार्फ़त हिंदी के दो यशस्वी कवियों का यह सम्वाद देखना सचमुच रोचक होता, पर…

संस्कृति के अन्यान्य क्षेत्रों में भी उनका गहरा दख़ल था. पत्रकार, सम्पादक, अनुवादक, फ़िल्म समीक्षक, आलोचक, कवि, टिप्पणीकार जैसी कई भूमिकाओं में वे लगातार आवाजाही करते रहे. उनकी आलोचना की पुस्तक ‘आलोचना की पहली किताब’ मूर्तिभंजक तेवर के लिए हमेशा याद की जाएगी. युवाओं और नए विचारों के प्रति उनका लगाव अद्भुत था और गुरुडम से अथक विरोध. लेखक की सामाजिक ज़िम्मेदारी उनके लिए बेहद अहम थी.

विष्णु जी का जाना इस भीषण समय में बौद्धिक हिरावल के एक साथी को खो देने जैसा है.

[मृत्युंजय द्वारा जन संस्कृति मंच की राष्ट्रीय परिषद की ओर से जारी]

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

4 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

4 weeks ago