हैडलाइन्स

बागेश्वर हादसे से सबक लेते हुए सरकार अपनी कुंभकरणी नींद तोड़े

शुक्रवार रात जैसे ही ये ख़बर मैंने सोशल मीडिया पर देखी तो एक बार के लिए मैं सन्न रह गया. ख़बर की पुष्टि करने के लिए तुंरत मैंने स्थानीय अख़बारों की वेबसाइट और न्यूज़ चैनल देखने शुरू कर किए. वहां भी ख़बर की पुष्टि हो चुकी थी. दरअसल उसी समय मेरे दिमाग में एक अनहोनी की आशंका हो रही थी लेकिन मैंने ख़ुद को काबू रखते हुए ईश्वर से प्रार्थना कि इस हिला देने वाले हादसे में किसी की जान ना जाए. लेकिन मेरा अंदेशा सही निकला और अब तक 3 लोगों के मरने की ख़बर है, जिसमें दो बच्चे हैं.

दरअसल बागेश्वर के कपकोट में बास्ती गांव में बारात का खाना खाने से 350 लोग बीमार हो गए. कहीं ये आकंड़े 250 हैं. इनमें से कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए. बताया जा रहा है कि ये दुखद हादसा फूड प्वॉजनिंग से हुआ. अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं. कई लोगों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है. इसमें बेरीनाग, कांडा, अल्मोड़ा और कुमाऊ का सबसे बड़ा हॉस्पिटल सुशीला तिवारी भी शामिल है. मृतकों की संख्या में इजाफ़ा होने की संभावना है. कई लोग गंभीर बताए जा रहे हैं.

सरकार ने मरीजों के लिए एयरलिफ्ट तक करवाया पर जो सबसे बड़ा सवाल ये है कि लगातार पहाड़ के अस्पतालों की बदहाल स्थिति पर मीडिया का एक वर्ग, सोशल मीडिया में लोग और बुद्धिजीवी चिंता लंबे समय से जताते रहे हैं. तंज के तौर पर इन्हें रेफरल सेंटर का नाम भी दिया जाता रहा है. बागेश्वर की घटना ने फिर एक बार प्रशासन और हुक्मरानों को सोचने का मौका दिया है कि इस और फोकस रखो वरना भविष्य मे़ कोई बड़ी अप्रिय घटना इंतज़ार कर रही है.

पहाड़ में अस्पतालों की हालत बहुत दयनीय है. बस बड़ी बड़ी बिल्डिंग और होर्डिग ही दिखाई देते हैं. अ़दर हालात नारकीय हैं. डॉक्टरों की कमी से ये हॉस्पिटल जूझ रहे हैं. जो हैं भी उन पर बोझ ज्यादा हैं. मशीनें कहीं है नहीं, कहीं हैं तो ऑपरेट करने वाले लोग नहीं है वो धूल खा रही हैं. अमीर तो बाहर इलाज करवा लेगा पर ग़रीब कहां जाएंगा?

यह घटना इसका साक्षात उदाहरण है. ज्यादातर लोग ग्रामीण है और उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है. सोचिए हालात कितने बिके हैं कि एयरलिफ्ट की नौबत आ गई. इसकी चपेट मे़ं खुद वहां के पूर्व विधायक आ गए हैं. उन्हें आनन फानन में बागेश्वर से अल्मोड़ा रेफर करना पड़़ा. उनके अलावा कुछ बीमार लोगों को हल्दवानी शिफ्ट किया गया है. इससे पता चलता है कि हॉस्पिटल पहाड़ में नाम मात्र को हैं.

जिस सुशीला तिवारी को कुमाऊं क्षेत्र का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल माना जाता है. सूबे के 6 ज़िले जिसके भरोसे हैं उसकी बदहाल हालात पर भी समय समय पर रिपोर्ट छपती रहती हैं. लेकिन हमारे रहनुमा इससे सबक नहीं लेते हैं.

अब समय आ गया है कि वो इस हादसे से सबक लेते हुए सरकार अपनी कुंभकरणी नींद तोड़े. पहाड़ खासकर दुर्गम इलाकों के लिए ठोस स्वास्थ्य नीति बनाएं. डॉक्टरों की पोस्टिंग और उनके टिकने के लिए ठोस ब्लूप्रिंट तैयार करें. जब एक तरफ हम राज्य के युवा होने मतलब 18 वर्ष बनने का जश्न मना रहे हैं उसके ठीक डेढ़ महीने बाद हुआ यह हादसा बताता है कि अब तक हमारी सरकारों ने क्या काम किया है.

यह सबके कर्मों का चिट्ठा भी है. अब भी अगर ना सुधरे तो आए दिन ये खबरें आएंगी और हम संवेदना और शोक प्रकट करने के अलावा कुछ ना कर पाएंगे.

विविध विषयों पर लिखने वाले हेमराज सिंह चौहान पत्रकार हैं और अल्मोड़ा में रहते हैं.

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Girish Lohani

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago