Featured

गीतकार योगेश के गीत के लिए मुकेश को मिला इकलौता राष्ट्रीय पुरस्कार

पार्श्वगायक मुकेश ने हिंदी सिनेमा को एक-से-एक नायाब नगमे दिए. उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड तो कई मिले (चार बार), लेकिन राष्ट्रीय अवार्ड हासिल नहीं हुआ. एकमात्र राष्ट्रीय अवार्ड जो उनके हिस्से आया, वो है, ‘रजनीगंधा’ का ‘कई बार यूँ ही देखा है…’ इस गीत के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला, जो उन्हें जीवन के आखिरी पड़ाव पर हासिल हुआ. गीत लिखा था, गीतकार योगेश ने. इस गीत को सुमधुर संगीत दिया था, सलिल चौधरी ने. गीत की गहराई को देखकर महसूस होता है, मानो मात्र इकतीस वर्ष के योगेश ने गीत में कलेजा उतारकर रख दिया हो. गीत यथार्थवादी होने के साथ-साथ परंपराभंजक भी था. मानो उन्होंने उस दौर के मिडिल क्लास के अंतर्द्वंद्व को नगमे में उतारकर रख दिया हो. गीत में विशुद्ध रूप से नायिका का अंतर्द्वंद्व उभरकर सामने आता है. उसके सामने एकसाथ दो विकल्प मौजूद हैं. वह चयन को लेकर असमंजस में रहती है. गीत मानो उसकी मनोदशा का स्वीकरण हो, विशुद्ध रूप से उसकी भावनाओं का उद्गार हो.

यह गीत, विद्या सिन्हा और दिनेश ठाकुर पर फिल्माया गया. बंबई की सड़कों पर टैक्सी में सवार नायक- नायिका. मर्यादा से बँधे हुए. मनोदशा भिन्न सी. गीत में दार्शनिकता है, सुमधुर संगीत के साथ गहराई भी है, जो श्रोताओं को अद्भुत अनुभव के साथ स्पंदित करता है. गीत एक अनजानी सी मिठास से भरा हुआ है.

कई बार यूं ही देखा है
ये जो मन की सीमा रेखा है
मन तोड़ने लगता है

अन्जानी प्यास के पीछे
अन्जानी आस के पीछे
मन दौड़ने लगता है

राहों में, राहों में, जीवन की राहों में
जो खिले हैं फूल फूल मुस्कुराके
कौन सा फूल चुराके, रख लूं मन में सजाके
कई बार यूं ही देखा है…

जानूँ न, जानूँ न, उलझन ये जानूँ न
सुलझाऊं कैसे कुछ समझ न पाऊं
किसको मीत बनाऊँ, किसकी प्रीत भुलाऊँ
कई बार यूं ही देखा है…

हरिभाई (संजीव कुमार) की योगेश से अच्छी-खासी दोस्ती थी. जब कभी योगेश, उनके अविवाहित स्टेटस को लेकर उनसे मजाक करते, तो हरिभाई इस परिणति के लिए योगेश को ही जिम्मेदार ठहराते थे. वे इस गीत का हवाला देकर अपना बचाव कर डालते. योगेश भाई तुमने ही तो लिखा है “कौन सा फूल चुराके, रख लूँ मन में सजाके…”

मजे की बात यह है कि, फिल्म रजनीगंधा (1974,) मन्नू भंडारी की कहानी, ‘यही सच है’ पर आधारित फिल्म थी. विशुद्ध साहित्य पर बनी फिल्में, स्क्रीन पर भी सफल हों, ऐसे उदाहरण देखने को दुर्लभ होते हैं. फिल्म रजनीगंधा इसका अपवाद रही. शहरी मध्यवर्ग के अंतर्विरोधों को लेकर बनी यह फिल्म, दर्शकों को अपने आसपास की सी फिल्म लगी. यह अमोल पालेकर और विद्या सिन्हा की डेब्यू फिल्म थी. उस दौर के दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया.

 

ललित मोहन रयाल

उत्तराखण्ड सरकार की प्रशासनिक सेवा में कार्यरत ललित मोहन रयाल का लेखन अपनी चुटीली भाषा और पैनी निगाह के लिए जाना जाता है. 2018 में प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘खड़कमाफी की स्मृतियों से’ को आलोचकों और पाठकों की खासी सराहना मिली. उनकी दो अन्य पुस्तकें शीघ्र प्रकाश्य हैं. काफल ट्री के नियमित सहयोगी.

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Sudhir Kumar

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

2 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

2 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

2 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

3 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

3 weeks ago