Featured

बमराड़ी ढाबे में झोली डुबके के मज़े

कुमाऊँ के बागेश्वर और गरुड़ के ठीक बीच में एक छोटी सी बसासत पड़ती है – बमराड़ी. यहाँ से दोनों जगहें बारह-बारह किलोमीटर की दूरी पर हैं. इस जगह को पिछले कुछ समय से एक बेहतरीन ढाबे के कारण खूब प्रसिद्धि मिली है. गौरव नगरकोटी नाम के एक अठ्ठाइस-तीस साल के ऊर्जावान नौजवान इसे चलाते हैं.

यहाँ साल भर एक जैसा परम सुस्वादु ठेठ पहाड़ी मेन्यू मिलता है. थाली में भट के डुबके, झोली, स्थानीय सब्जी, दाल , भांग की चटनी और प्याज-मूली के सलाद के अलावा ताज़ी रोटी और स्थानीय चावल का भात कुल साठ रुपये में परोसा जाता है. खाने की कोई सीमा नहीं.

स्वादिष्ट पहाड़ी भोजन का आनंद लेते काफल ट्री के टीम मेम्बर जयमित्र और गोपाल दा

गौरव के पिता दयाशंकर नगरकोटी बागेश्वर के एक स्कूल में अध्यापक हैं और यह ढाबा दरअसल गौरव के दादाजी ने साल 2006 में रिटायर होने के बाद खोला था. दादाजी यानी श्री किशनसिंह नगरकोटी गाँव के डाकखाने से पोस्टमास्टर होकर रिटायर हुए थे. सड़क से लगी हुई जमीन और वहां पानी की निर्बाध प्राकृतिक सप्लाई से आकर्षित होकर उन्होंने ढाबा खोलने का फैसला किया. बालक गौरव को भी अपने दादाजी के साथ काम करने में मजा आने लगा. फिलहाल ढाबे पर जो सदाबहार मेन्यू मिलता है उसकी उसकी रेसिपीज़ इन्हीं किशनसिंह जी के द्वारा तैयार किये गए हैं.

गौरव ने अपनी पढ़ाई का सिलसिला ग्यारहवीं कक्षा तक बागेश्वर में किया और उसके बाद सितारगंज से पौलीटेक्नीक किया. इसके बाद वे अपनी मर्जी से काम की तलाश में हरियाणा चले गए जहाँ उन्होंने मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर की नौकरी की. पहाड़ के रहनेवाले इस युवा को मैदान का हवा-पानी रास नहीं आया और वे वापस अपने गाँव आ गए. यह सन 2016 की बात है. तब तक उनके दादाजी का देहांत हुए पांचेक साल बीत चुके थे और उनका बनाया चलता हुआ ढाबा दूसरे कर्मचारियों के सुपुर्द था. व्यापार घाटे में चल रहा था और बचपन में दादाजी से सीखे गए नुस्खों से लैस गौरव ने ढाबे को उसकी पुरानी शान दिलाने का फैसला किया.

गौरव से जब मैंने पूछा कि क्या उनके घरवालों ने उनसे यहाँ आने के लिए मना नहीं किया तो वे बताने लगे कि ऐसी कोई बात नहीं हुई. उन्हें आज भी घर की तरफ से कोई परेशानी नहीं है. घर की अलग से खेती भी है और पिताजी अब भी बागेश्वर में नौकरी करते हैं. इतने में गौरव के ढाबे पर कुछ स्थानीय किशोर क्रिकेट का बैट वगैरह लेकर आ गए और हमारी बातचीत को ध्यान से सुनने लगे. मैंने गौरव से पूछ कि क्या वे गाँव के इन किशोरों को भी ढाबा खोलने की सलाह देंगे तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि उन्हें अच्छी पढ़ाई कर के सबसे पहले सरकारी नौकरी खोजने का जतन करना चाहिए. गाँव में करने को कुछ भी नहीं है. खेती का भी हाल ऐसा है कि एक खेत यहाँ है तो दूसरा वहां – कई कई बार तो खेतों के बीच की दूरी एक-एक किलोमीटर तक होती है. सारी जमीन एक जगह हो तो कोई बात बने. बच्चे क्रिकेट खेलने जाने लगे तो गौरव बोले – “अब देखिये इनमें से कोई आर्मी में जाने की तैयारी कर रहा है. कोई कुछ और कर रहा है. अब ये क्रिकेट खेलने जाएंगे. इनके मजे हैं!” पहाड़ की दिक्कतों के बारे में उनसे और अधिक सवाल पूछने का मेरा मन नहीं हुआ.

गौरव नगरकोटी

मैंने पूछा कि जब वे बच्चे थे और ढाबे के काम में दादाजी का हाथ बंटाया करते थे तब क्या उन्हें इन बच्चों की तरह खेलने जाने का मन नहीं होता था! उन्होंने कहा कि वे काम के साथ खेलने का भी खूब समय निकाल लेते थे. दादाजी के साथ रहते हुए एक हुनर सीखा सो अलग. ढाबे में आज एक दिन में पचास से सौ लोग औसतन खाना खाकर जाते हैं. हर ग्राहक के आने पर गौरव ताज़ी रोटी बनाकर खिलाते हैं. ढाबे के परम स्वादिष्ट डुबकों की रेसिपी के बारे में मैंने पूछा तो तनिक मुस्करा कर गौरव बोले – “दादाजी की रेसिपी है. उन्हीं से सीखी हुई. और क्या!”

अगली बार आप बागेश्वर से गरुड़/रानीखेत/अल्मोड़ा की तरफ आ आ रहे हों और भूख लगी हो तो हमारा आग्रह है कि गौरव नगरकोटी के बमराड़ी ढाबे में भात-रोटी के साथ गौरव नगरकोटी के बनाए झोली डुबके के मज़े लेने का मौका हरगिज न गंवाएं. बेकार पछता कर क्या फायदा!

-अशोक पाण्डे/ जयमित्र बिष्ट

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

गलगोटिया वाला कॉपी नहीं, असली नवाचार है अल्मोड़ा के रवि टम्टा का ड्रोन

अल्मोड़ा के काफलीखान गांव के रवि टम्टा ने जब अपने बनाए फ्लाइंग व्हीकल "हापिडा स्काईनेक्स"…

2 days ago

लोक गायिकाओं का समृद्ध इतिहास रहा है पहाड़ो में

उत्तराखंड के पहाड़ों में लोकगीत और लोकनृत्य केवल मनोरंजन के साधन नहीं, बल्कि यहां की सामाजिक-सांस्कृतिक…

4 days ago

कुमाऊं केसरी बद्रीदत्त पांडे का बहुआयामी व्यक्तित्व व कृतित्व : इतिहास से जनआंदोलन तक

पिछली कड़ी : हिमालय की सामाजिक-आर्थिक संरचना पर प्रोफेसर पूरन चंद्र जोशी कुमाऊं को विशिष्ट…

7 days ago

उत्तराखण्ड में वन्य-जीवों का आतंक

10 मार्च 2026 को ‘टाइम्स ऑफ़ इंडिया’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखण्ड के वन मंत्री ने विधानसभा…

2 weeks ago

उनके बारे में जो सिर्फ नाम नहीं जीवन हैं

गोविंदा, रघु, रामकली, चंदा, कृष्णा दा, सूर्या... नाम नहीं जीवन हैं कई दिनों से राजधानी…

2 weeks ago

उत्तराखण्ड के आयुष के हाथ में दिल्ली की रणजी टीम की कमान

विश्व क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली भी अब टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग निवासी आयुष बड़ौनी…

2 weeks ago